राजस्थान के बारां जिले में डी.एल.एड. (D.El.Ed.) कराने के नाम पर एक छात्रा से कथित रूप से ₹71,500 की ठगी, फीस हड़पने और मूल दस्तावेज रोकने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने शिक्षा संस्थान संचालक के खिलाफ पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने तथा सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता काजल मेघवाल पुत्री बलराम मेघवाल निवासी पटना (तहसील अटरू) ने आरोप लगाया कि उसने RK Group of Education, Baran के संचालक राकेश सुमन को डी.एल.एड. कराने के नाम पर करीब ₹71,500 जमा कराए थे। इसके साथ ही उसने अपने मूल दस्तावेज, जिनमें टी.सी., माइग्रेशन सर्टिफिकेट, 10वीं एवं 12वीं की अंकतालिकाएं शामिल हैं, संस्थान में जमा कराए थे।

पीड़िता का आरोप है कि एक वर्ष बीत जाने के बाद भी न तो उसकी परीक्षा करवाई गई और न ही समय पर उसके मूल दस्तावेज लौटाए गए। इसके कारण उसे मानसिक, आर्थिक और शैक्षणिक नुकसान उठाना पड़ा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना के बाद आरोपी लंबे समय तक संपर्क से बाहर रहा और फोन कॉल का भी जवाब नहीं दिया।

शिकायत के अनुसार, बाद में बारां कोतवाली पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, लेकिन उसने जमा कराई गई राशि लौटाने और शेष मूल दस्तावेज देने से इनकार कर दिया। पीड़िता का कहना है कि बार-बार मांग करने के बाद केवल कुछ अंकतालिकाएं वापस की गईं, जबकि टी.सी. और माइग्रेशन प्रमाण-पत्र अब भी उसके पास ही हैं।

छात्रा ने बताया कि वह पहले ही कोतवाली थाना बारां तथा 181 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा चुकी है, लेकिन अब तक उसे न्याय नहीं मिला है। उसने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए, जमा कराई गई पूरी राशि वापस दिलाई जाए तथा उसके शेष मूल दस्तावेज तत्काल वापस दिलाए जाएं।

फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में जांच की प्रक्रिया जारी है। वहीं, आरोपी पक्ष का आधिकारिक बयान अब तक सामने नहीं आया है। इस मामले की जांच के निष्कर्ष और पुलिस की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story