विधायक राधेश्याम बेरवा ने ‘आपका विधायक आपके द्वार’ यात्रा में सुनी समस्याएं
बारां-अटरू विधानसभा क्षेत्र में विधायक ने गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के अधिकारियों को निर्देश दिए।

बारां-अटरू के विधायक राधेश्याम बेरवा ढोटी सहित विभिन्न गांवों में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए।
राजेंद्र शर्मा
बारां/अटरू। बारां-अटरू विधानसभा क्षेत्र में ‘आपका विधायक आपके द्वार’ जन संवाद यात्रा के माध्यम से विधायक राधेश्याम बेरवा ने सीधा जनता से संवाद स्थापित करते हुए समस्याओं के त्वरित निस्तारण का क्रम जारी रखा है। बुधवार को विधायक ने ग्राम ढोटी से यात्रा का शुभारंभ करते हुए उम्मेदगंज, नरसिंहपुरा, सहरोद, मनोहरपुर, खरखड़ा आसन, दिवाली एवं बोकड़ा गांवों का सघन दौरा किया। भीषण गर्मी की परवाह न करते हुए विधायक ने गांव-गांव पहुंचकर पेड़ की छांव में चौपाल लगाई और ग्रामीणों की व्यथा सुनी। जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने विकास कार्यों में व्याप्त अनियमितताओं और सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहने की पीड़ा साझा की।
जन समस्याओं के प्रति गंभीरता दिखाते हुए विधायक राधेश्याम बेरवा ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। इस दौरान अनियमितता बरतने वाले अधिकारियों को फटकार भी लगाई गई। यात्रा के दौरान अनेक ऐसे बुजुर्ग महिला एवं पुरुष मिले, जिन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा था। विधायक ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके परिणामस्वरूप कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। साथ ही, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों के मकानों का चिन्हीकरण कर उन्हें शीघ्र लाभान्वित करने का भरोसा दिलाया।
विधायक राधेश्याम बेरवा ने संवाद के दौरान कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए वे निरंतर गांवों में जाकर संवाद कर रहे हैं। किसी भी स्तर पर होने वाली लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जरूरतमंद परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। भाजपा जिला प्रवक्ता योगेश राजोरा ने बताया कि ग्रामीणों ने विधायक के गांव-गांव पहुंचकर समस्याओं को सुनने और तत्परता से समाधान करवाने की इस अभिनव पहल की सराहना की है। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने साफा और माल्यार्पण कर विधायक का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर अटरू अध्यक्ष पवन गंदोलिया, गऊघाट मंडल अध्यक्ष योगेश गौतम, अनिल शर्मा, महिपाल नागर, अशोक मीणा, मुकेश थानीवाल, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र नागर, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष रोहित नागर, हरीश गालव, रामराज वैष्णव, गोविंद यदुवंशी, रामस्वरूप मीणा, गिरिराज नागर, सुधीर मित्तल, प्रकाश नागर, राधेश्याम शर्मा, बाबूलाल बैरवा, दीपक यादव, मुरारी राठौर, मेघराज मीणा, त्रिलोक नागर, राजेंद्र नागर, भवानी शंकर सुमन, गिरिराज सुमन, मुरारी सुमन, विकास मेहरा, प्रमोद शर्मा, राजाराम नागर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
