विधायक आपके द्वार जनसंवाद यात्रा: कवाई क्षेत्र में राधेश्याम बैरवा ने सुनीं समस्याएं
विधायक राधेश्याम बैरवा ने केरवालिया और मोठपुर सहित कई गांवों का दौरा कर बिजली, पानी और सड़क से जुड़ी जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए।

कवाई क्षेत्र में 'विधायक आपके द्वार जनसंवाद यात्रा' के शुभारंभ के दौरान भाजपा समर्थकों के साथ पैदल मार्च करते विधायक राधेश्याम बैरवा और अन्य पार्टी पदाधिकारी।
क्षेत्र की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से “विधायक आपके द्वार जनसंवाद यात्रा” का सोमवार को कवाई क्षेत्र में भव्य शुभारंभ हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार एवं वरिष्ठ नेता हेमराज मीणा ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। विधायक राधेश्याम बैरवा इस यात्रा के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुन रहे हैं और उनके समाधान के लिए त्वरित प्रयास कर रहे हैं।
शुभारंभ अवसर पर जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने इसे जनसंवाद की महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इस यात्रा से जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद स्थापित होगा, जिससे समस्याओं का समाधान तेजी से संभव हो सकेगा।
वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक हेमराज मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव गांव, गरीब, शोषित और वंचित वर्ग के हित में कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि विधायक द्वारा शुरू की गई यह जनसंवाद यात्रा सरकार की जनकल्याणकारी सोच का परिचायक है, जिससे आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।
पूर्व जिलाध्यक्ष आनन्द गर्ग ने कहा कि इस प्रकार की यात्राएं संगठन और जनता के बीच विश्वास को सुदृढ़ करती हैं और समस्याओं के त्वरित समाधान से शासन-प्रशासन के प्रति भरोसा बढ़ता है। किशनगंज विधायक ललित मीणा ने इसे लोकतंत्र की वास्तविक भावना बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का सीधे जनता के बीच जाकर संवाद करना सशक्त लोकतंत्र की पहचान है।
विधायक राधेश्याम बैरवा ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्या को समझना और उसका समाधान कराना है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल संवाद तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हर समस्या के समाधान तक निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
यात्रा के दौरान भाजपा जिला प्रवक्ता योगेश राजोरा एवं मंडल उपाध्यक्ष सुदर्शन शर्मा के अनुसार विधायक बैरवा ने केरवालिया, नृसिंहपुरा, ससोदिया, चारपुरा एवं मोठपुर गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान बिजली, पानी, पट्टा, पेंशन और सड़क जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। केरवालिया गांव में ग्रामीणों ने मोठपुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए, जिस पर विधायक ने एसपी को अवगत कराया। साथ ही विद्युत संबंधी शिकायतों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई भी करवाई गई।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित रहे। जनसंवाद यात्रा क्षेत्र में प्रशासनिक जवाबदेही और जनसुनवाई की प्रक्रिया को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में उभर रही है।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
