बारां जिले में मानसून की बेरुखी और वर्षा में हो रहे विलंब के बीच किसानों की बढ़ती चिंता को देखते हुए पूर्व केबिनेट मंत्री एवं अन्ता विधायक प्रमोद जैन भाया ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने संभागीय आयुक्त (सीएडी), कोटा को पत्र भेजकर चम्बल की दांयी मुख्य नहर में तत्काल सिंचाई जल प्रवाहित करने की मांग की है।

विधायक प्रमोद जैन भाया ने अपने पत्र में कहा है कि बारां जिले के अन्ता विधानसभा क्षेत्र सहित अन्ता एवं मांगरोल तहसील के हजारों किसानों ने धान, सोयाबीन, मक्का सहित खरीफ फसलों की समय पर बुवाई कर दी है, लेकिन अपेक्षित वर्षा नहीं होने से फसलों के समुचित विकास पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेतों में नमी लगातार कम होती जा रही है, जिससे किसानों की मेहनत और उनकी आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है।

उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि चम्बल की दांयी मुख्य नहर इस क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई का प्रमुख स्रोत है। वर्तमान परिस्थितियों में यदि समय रहते नहर में पानी नहीं छोड़ा गया तो हजारों किसानों की फसलें प्रभावित हो सकती हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

विधायक भाया ने सीएडी प्रशासन से आग्रह किया है कि किसानों की वर्तमान स्थिति और क्षेत्र की आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए चम्बल की दांयी मुख्य नहर में यथाशीघ्र पर्याप्त मात्रा में सिंचाई जल प्रवाहित करने के निर्देश जारी किए जाएं, ताकि अन्ता एवं मांगरोल तहसील के किसानों की खरीफ फसल सुरक्षित रह सके और उन्हें राहत मिल सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि किसान हित सर्वोपरि रखते हुए प्रशासन इस विषय में संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर किसानों को राहत प्रदान करेगा।

विधायक प्रमोद जैन भाया ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध हैं तथा कृषि एवं सिंचाई से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण विषय को सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story