प्रमोद जैन भाया की धन्यवाद यात्रा: अन्ता के गांवों में सुनी जनसमस्याएं
अन्ता उपचुनाव में जीत के बाद पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने दर्जनों गांवों का दौरा कर मतदाताओं का आभार जताया और स्थानीय मुद्दों के समाधान का भरोसा दिया।

अन्ता विधानसभा उपचुनाव में विजय के पश्चात विभिन्न ग्रामों के दौरे के दौरान ग्रामीणों का अभिवादन स्वीकार करते विधायक प्रमोद जैन भाया और कांग्रेस जिलाध्यक्ष।
बारां। अन्ता विधानसभा उप चुनाव में ऐतिहासिक मतों से विजय प्राप्त करने के पश्चात विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया द्वारा क्षेत्र के मतदाताओं का आभार व्यक्त करने हेतु धन्यवाद यात्रा का सिलसिला निरंतर जारी है। मंगलवार को उन्होंने अन्ता विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की तथा समर्थन एवं आशीर्वाद के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
यात्रा का भव्य स्वागत और ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा
धन्यवाद यात्रा के दौरान विधायक भाया भगवानपुरा, मोतीपुरा, हरसोली, बल्देवपुरा, मूण्डली, महुआ, किशनपुरा, बोरदा, शाहपुरा, पाकलखेड़ा, नवलपुरा एवं ग्राम रायथल में पहुंचे। यात्रा के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा उदपुरिया व विधायक प्रमोद भाया का ग्रामीणों ने जगह-जगह फूल मालाओं से आत्मीय एवं उत्साहपूर्ण स्वागत किया।
जनसमस्याओं पर चर्चा और त्वरित समाधान का आश्वासन
इस अवसर पर ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं स्थानीय मुद्दों से संबंधित अभाव-अभियोग विधायक भाया को सौंपे गए। विधायक प्रमोद जैन भाया ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान का आष्वासन दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व आमजन उपस्थित रहे।
विकास और सेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता
विधायक भाया ने इस मौके पर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि— "मैंने हमेशा इस क्षेत्र के विकास, समृद्धि और कल्याण को सर्वाेपरि प्राथमिकता दी है। चाहे क्षेत्र का निर्माण हो, शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो हर कदम पर जनता की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए कार्य किया है और आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ क्षेत्र की जनता की सेवा जारी रखूंगा, क्योंकि जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति ही उनका मुख्य लक्ष्य है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
