बारां में PM RAHAT योजना का पहला मामला, eDAR पोर्टल से मिला मुफ्त इलाज
छीपाबड़ौद में सड़क दुर्घटना पीड़ित को संजीवनी व्यास हॉस्पिटल में ₹1.50 लाख तक का मिला निःशुल्क उपचार, एसपी अभिषेक अंदासु ने दी जानकारी।

प्रधानमंत्री राहत योजना (PM RAHAT) के अंतर्गत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में बारां जिले में पहला सफल प्रकरण दर्ज किया गया है। इस पहल के तहत सड़क दुर्घटना में घायल एक पीड़ित को eDAR पोर्टल की सहायता से निःशुल्क उपचार का लाभ प्राप्त हुआ।
पुलिस अधीक्षक बारां, अभिषेक अंदासु ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री राहत योजना सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समय पर सूचना, त्वरित सत्यापन एवं डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से आर्थिक बोझ से राहत देने तथा बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ऐसे मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
यह प्रकरण थाना छीपाबड़ौद क्षेत्र से संबंधित है, जहां सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति के उपचार हेतु झालावाड़ स्थित संजीवनी व्यास हॉस्पिटल अनुसंधान केंद्र प्रा. लि. द्वारा दुर्घटना संबंधी सत्यापन का अनुरोध प्राप्त हुआ था। इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डा. कमल जांगिड के निर्देशन में थानाधिकारी थाना छीपाबड़ौद विनोद कुमार चौहान ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना का शीघ्र सत्यापन कराया तथा सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया, जिससे घायल व्यक्ति को प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत निःशुल्क उपचार का लाभ सुनिश्चित हो सका।
इस पूरी प्रक्रिया में श्री त्रिदेव सेन (DRM, NIC बारां) द्वारा तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उन्होंने संजीवनी व्यास हॉस्पिटल अनुसंधान केंद्र प्रा. लि. से प्राप्त अनुरोध के आधार पर eDAR पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियां पूर्ण करवाते हुए प्रकरण की स्वीकृति हेतु समस्त प्रक्रिया का अतिशीघ्र समन्वय किया। इस कार्य में पुलिस अधीक्षक कार्यालय बारां के सहायक उप निरीक्षक श्री हंसराज मेघवाल तथा थाना छीपाबड़ौद के कांस्टेबल श्री हंसराज रेगर का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्रधानमंत्री राहत योजना (PM RAHAT) के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को सरकार द्वारा निर्धारित अस्पतालों में ₹1.50 लाख तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है। इसी क्रम में बारां जिले का यह पहला PM RAHAT प्रकरण सफलतापूर्वक दर्ज किया गया, जो जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने आया है।
यह पूरा मामला पुलिस विभाग, NIC, अस्पताल प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों के समन्वित प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया है, जिससे दुर्घटना पीड़ित को समय पर राहत एवं उपचार सुनिश्चित किया जा सका। अंत में आमजन से अपील की गई है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्ति के उपचार हेतु संबंधित चिकित्सालय से प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत eDAR पोर्टल पर आवेदन करें, जिससे पीड़ित को समय पर निःशुल्क उपचार एवं राहत मिल सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
