बारां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी कूटनीतिक स्थिति, आर्थिक ताकत और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत किया है। एकल अभियान अंचल बारां के अध्यक्ष डॉ. सुरेश मेघवाल ने बताया कि विश्व पटल पर प्रधानमंत्री मोदी को विभिन्न देशों द्वारा कई सर्वोच्च अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्रदान किए गए हैं, जो भारत के बढ़ते सम्मान, मजबूत द्विपक्षीय संबंधों और कूटनीतिक सफलता को दर्शाते हैं।

डॉ. सुरेश मेघवाल ने कहा कि मोदी सरकार ने विश्व में भारत को नई पहचान दिलाई है। साथ ही देश में विकास, जनकल्याण, आत्मनिर्भरता और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं। भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है।

उन्होंने बताया कि मोदी सरकार ने सत्ता में 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं। एक दशक से अधिक के कार्यकाल में सरकार ने कई बड़े फैसले लिए हैं, जिन्होंने देश की राजनीति को बदलने के साथ सामाजिक और आर्थिक बदलाव की दिशा तय की है। आज का भारत बदल रहा है और यह बदलाव केवल सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया की नजरों में भारत के बढ़ते सम्मान के रूप में भी दिखाई दे रहा है।

डॉ. मेघवाल ने कहा कि यह तस्वीर केवल एक नेता की नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास की है, जिसने भारत को ‘विश्वगुरु’ की राह पर आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सभी भारतीयों को गर्व है कि देश के पास ऐसा नेतृत्व है जिसकी ईमानदारी पर पूरी दुनिया भरोसा करती है और जिसकी ताकत को बड़े-बड़े विकसित राष्ट्र भी स्वीकार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जब देश का प्रधानमंत्री ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प के साथ दिन-रात काम करता है तो प्रत्येक नागरिक का विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने मोदी सरकार के कार्यकाल को युग परिवर्तन बताते हुए कहा कि भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार, वैश्विक मंचों पर भारत की मजबूत आवाज और गरीबों के कल्याण की चिंता सरकार की प्रमुख पहचान रही है।

डॉ. सुरेश मेघवाल ने कहा कि आज दुनिया के किसी भी कोने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम की चर्चा हो रही है। दुनिया के सबसे शक्तिशाली और प्रभावशाली नेताओं की सूची में प्रधानमंत्री मोदी का नाम शीर्ष पर होना भारतीयों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार के 12 वर्ष और 12 बड़े फैसलों ने भारत की दशा में सुधार किया है, जो संवैधानिक नियमों के अनुसार राष्ट्र की जनता को समर्पित हैं।

उन्होंने बताया कि संविधान के अनुच्छेद 370 के तहत विशेष प्रावधान को खत्म किया गया, जिससे जम्मू और कश्मीर को मिला विशेष दर्जा समाप्त हो गया और एक स्वतंत्र राज्य का उदय हुआ। वहीं सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर (EWS) लोगों के लिए नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में दाखिले के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान संसद से पारित करवाया गया, जिससे विद्यार्थियों में समरसता का भाव जागृत हुआ।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और राजनीतिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए 33 प्रतिशत राजनीतिक आरक्षण बिल पास करवाया गया, जिससे महिलाओं की राजनीति में सुनियोजित भागीदारी सुनिश्चित होगी। मोदी सरकार ने बीते 12 वर्षों में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं, जिनमें ‘सबका साथ, सबका विकास’ की झलक दिखाई देती है।

डॉ. मेघवाल ने कहा कि भारत को चारों दिशाओं में जोड़ने के लिए विस्तार से कार्य किया गया है। हर वर्ग के विकास के लिए सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक और आर्थिक क्षेत्रों में काम करते हुए ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की गई हैं। मोदी सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ धरातल स्तर पर प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना वर्ष 2047 तक पूरा होने वाला है और मोदी सरकार पर सभी भारतीयों का विश्वास कायम है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story