राजस्थान की पत्रकारिता के आधार स्तंभ और प्रदेश के पूर्व सूचना आयुक्त नारायण बारेठ का निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही प्रदेश के पत्रकारिता और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, नारायण बारेठ पिछले कुछ दिनों से निमोनिया से पीड़ित थे और जयपुर के एक अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान ही उनका निधन हो गया। उनके निधन से पत्रकारिता जगत को गहरा आघात पहुंचा है।

वरिष्ठ पत्रकार और बारां जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष दिलीप शाह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि नारायण बारेठ ने अपनी पत्रकारिता के माध्यम से हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज को बुलंद किया। उन्होंने बीबीसी में विशिष्ट सेवा देते हुए लंबे समय तक राजस्थान से रिपोर्टिंग की। उनकी गहरी समझ और निष्पक्ष विश्लेषण ने उन्हें देश-दुनिया में अलग पहचान दिलाई।

दिलीप शाह ने कहा कि सूचना आयुक्त के रूप में भी नारायण बारेठ का कार्यकाल उल्लेखनीय रहा। सूचना के अधिकार (आरटीआई) को मजबूती प्रदान करने में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

इस अवसर पर पत्रकार घनश्याम दाधीच, ललित मोहन खंडेलवाल, ओम गौतम, हंसराज शर्मा, योगेश गुप्ता, राधेश्याम शर्मा, विष्णु भारद्वाज, राजेंद्र शर्मा, रितेश शर्मा, सीबी पंकज, अमित जैन और राजेश पंकज ने भी गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच पारदर्शिता लाने के लिए नारायण बारेठ ने कई महत्वपूर्ण कार्य किए।

पत्रकारों ने कहा कि उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए बड़ी क्षति है। बारां मीडिया समूह परिवार ने भी वरिष्ठ पत्रकार नारायण बारेठ को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया और इसे पत्रकारिता के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story