बारां जिले में राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री युवा सुयोग योजना के अंतर्गत युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से जिला फुटबॉल संघ सक्रिय भूमिका निभा रहा है। योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिकाधिक पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए संघ लगातार युवाओं को प्रेरित कर रहा है।

मुख्यमंत्री युवा सुयोग योजना का पायलट प्रोजेक्ट बारां जिले की चारों विधानसभाओं तथा जयपुर की बगरू विधानसभा में शुरू किया गया है। योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र युवाओं का पंजीयन कराने के लिए जिला फुटबॉल संघ अपने स्तर पर अभियान संचालित कर रहा है।

राजस्थान फुटबॉल के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला फुटबॉल संघ के प्रेरक निर्मल माथोड़िया ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री युवा सुयोग योजना युवाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से युवाओं को खेल गतिविधियों के साथ-साथ शिक्षा, कौशल विकास और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके व्यक्तित्व और भविष्य का बेहतर निर्माण होगा।

निर्मल माथोड़िया ने बताया कि जिला फुटबॉल संघ अपने सभी संबद्ध क्लबों और पदाधिकारियों के माध्यम से पात्र युवाओं को योजना से जोड़ने के लिए लगातार अभियान चला रहा है। सभी क्लब पदाधिकारियों से अपील की गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं का सुयोग पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित करें।

जिला फुटबॉल संघ के प्रवक्ता सुनील शर्मा ने बताया कि योजना के अंतर्गत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा पंजीयन करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि बारां जिले में अब तक लगभग 18 हजार युवाओं का पंजीयन हो चुका है। उनके अनुसार शिक्षा विभाग के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक एवं खेल संस्थाएं भी युवाओं को योजना से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने बताया कि योजना की पंजीयन प्रक्रिया अत्यंत सरल है। युवा स्वयं अथवा किसी भी एसएसओ आईडी के माध्यम से जन आधार की सहायता से सुयोग पोर्टल पर अपना पंजीयन कर सकते हैं। योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर युवा क्लबों का गठन किया जाएगा, जिनके माध्यम से युवाओं की खेल, सामाजिक और विकासात्मक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।

जिला फुटबॉल संघ ने जिले के सभी खेल संघों, खेल क्लबों और सामाजिक संगठनों से आग्रह किया है कि वे 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिकाधिक युवाओं का मुख्यमंत्री युवा सुयोग योजना में पंजीयन कराकर इस जनकल्याणकारी पहल को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story