बारां। शहर स्थित श्रीराम स्टेडियम में आज खिलाड़ियों एवं विभिन्न खेल संघों द्वारा सांसद दुष्यंत सिंह का भव्य स्वागत किया गया। जिला फुटबॉल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल माथोडिया के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में खेलों के क्षेत्र में सांसद के सहयोग हेतु आभार व्यक्त किया गया। सांसद सिंह श्रीराम स्टेडियम में आयोजित बारां-अटरू विधानसभा क्षेत्र में हुए विभिन्न कार्यों के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में पधारे थे।

खेल सुविधाओं के विस्तार का संकल्प

इस अवसर पर जिला फुटबॉल संघ के संरक्षक नंदलाल सुमन, हरगोविंद जैन, भीमराज चौधरी, अजीत सिंह, जयेश गालव, मुकेश केरवालिया, नरेंद्र चतुर्वेदी, सुनील शर्मा, चंद्र प्रकाश राठौर, हंसराज गौड़, ऋचा वर्मा, सपना अवस्थी, प्रदीप हाड़ा, वीरेंद्र नागर, शराफत अली सहित अनेक खेल पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने साफा पहनाकर, पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों एवं आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया। अपने संबोधन में सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा कि "बारां जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।" उन्होंने बताया कि कलमंडा क्षेत्र में खेलों हेतु अधिकृत भूमि पर सर्वसुविधायुक्त आधुनिक स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा, जिससे जिले के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।

श्रीराम स्टेडियम के विकास की रूपरेखा

कार्यक्रम में विधायक राधेश्याम बेरवा ने जानकारी दी कि राज्य सरकार के प्रथम बजट में श्रीराम स्टेडियम को फुटबॉल खेल के अनुरूप विकसित करने के लिए स्वीकृत बजट की सभी औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी हैं तथा शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने खेलों के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। अंत में उपस्थित खेल प्रेमियों एवं खिलाड़ियों ने सांसद एवं विधायक का आभार व्यक्त करते हुए खेलों के प्रति उनके समर्पण और प्रयासों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story