नेशनल हैप्पीनेस हैपन्स डे पर अटरू में स्वीप कार्यक्रम, मेहंदी से दिया मतदान जागरूकता का संदेश
बारां के अटरू में स्वीप कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मेहंदी से मतदान जागरूकता का संदेश दिया और ईएलसी सदस्यों ने संकल्प लिया।

तस्वीर में अटरू के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में एक शिक्षक और स्कूली छात्राएं हाथों पर मतदान जागरूकता के संदेश वाली मेहंदी दिखा रहे हैं।
बारां। नेशनल हैप्पीनेस हैपन्स डे के अवसर पर अटरू स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के मद्देनजर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों और निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के सदस्यों ने मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी व जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा नोडल अधिकारी स्वीप राजवीर सिंह चौधरी के निर्देशन में मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम में सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने नवगठित निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के सदस्यों एवं विद्यार्थियों को मतदाता जागरूकता का संकल्प दिलाया।
अमित भार्गव ने विद्यार्थियों से आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में अपने परिवारजनों एवं आसपास के मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही निर्वाचन संबंधी विभिन्न सेवाओं एवं कार्यों के लिए ऐप के उपयोग के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार की गई निर्वाचन जागरूकता फिल्म का प्रदर्शन किया गया। फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता पंजीयन, मतदान के महत्व एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक किया गया।
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों ने आकर्षक मेहंदी के माध्यम से मतदान एवं मतदाता जागरूकता के संदेश उकेरे। मेहंदी के जरिए विद्यार्थियों ने आमजन को मतदान के प्रति जागरूक रहने तथा लोकतंत्र के पर्व में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
प्रधानाचार्य बेबी चौरसिया ने बताया कि नवगठित ईएलसी में पूर्वंशी सुमन को अध्यक्ष, लक्की बैरवा को उपाध्यक्ष बनाया गया है। क्लब में 18 सक्रिय सदस्यों सहित कुल 20 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन किया गया है।
कार्यक्रम में ईएलसी प्रभारी जितेंद्र साहू, सहायक प्रभारी मनीष नागर, व्याख्याता सत्यनारायण अग्रवाल, चैतन्य कुमारी सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से ईएलसी सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने आगामी चुनावों में मतदाताओं को जागरूक करने की जिम्मेदारी का संकल्प लिया।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
