जिले के बहुचर्चित मनीष गौतम उर्फ बिट्टू हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी के सुपरविजन में तथा पुलिस वृताधिकारी हरिराम सोनी के नेतृत्व में कोतवाली थाना पुलिस और जिला विशेष टीम की संयुक्त टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों को जयपुर, हरियाणा, प्रयागराज और लखनऊ सहित विभिन्न स्थानों पर रवाना किया गया था।

जांच में सामने आया कि आरोपी राजेन्द्र गहलोत, मुकेश यादव और अनिल यादव स्कॉर्पियो कार में सवार होकर प्रयागराज की ओर फरार हो गए थे। पुलिस टीम लगातार उनका पीछा कर रही थी। इसी दौरान शाहजहांपुर के आगे फरीदपुर टोल प्लाजा पर नाकाबंदी कर संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी वाहन को भगाकर गांव की ओर ले गए।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा जारी रखा, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी राजेन्द्र गहलोत और अनिल यादव फरार हो गए। वहीं पुलिस ने मुकेश यादव (31) निवासी बरड़िया बालाजी बस्ती, बारां को स्कॉर्पियो कार सहित पकड़ लिया। आरोपी को बारां लाकर विधिवत गिरफ्तार किया गया और वाहन को जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ जारी है।

गौरतलब है कि इससे पूर्व 21 अप्रैल 2026 को पुलिस ने राकेश कुमार उर्फ राहुल को गिरफ्तार किया था, साथ ही तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया गया था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक वेन्यू कार, एक बुलेट मोटरसाइकिल और एक अन्य मोटरसाइकिल को जब्त किया था। इसके अलावा खून से सना चाकू भी बरामद किया गया था।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है, जिससे इस चर्चित हत्याकांड के सभी पहलुओं पर से पर्दा उठने की उम्मीद है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story