बारां। जिले के मांगरोल कस्बे में स्थित मूर्ति मंदिर मदनमोहन विराजमान वृंदावन मथुरा के खाते में 150 वर्ष से वंशावली परंपरा से चली आ रही 14.49 हैक्टेयर आराजी खड़ी फसल को खुर्द-बुर्द करने का आरोप लगाते हुए अंबरीश शर्मा ने प्रशासन तथा पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि खेत में खड़ी हुई फसल को उच्च संरक्षण प्राप्त कुछ तथाकथित लोग जबरन काट कर ले गए, न्याय के लिए पीड़ित कई बार पुलिस, तो अनेक बार जिला प्रशासन व आलाधिकारियों के चक्कर काट-काट कर परेशान हो गया है। अम्बरीश शर्मा ने बताया कि पुलिस और प्रशासन न जाने किस दबाव में है, कि पीड़ित को न्याय नहीं देकर उसकी गुहार को हवा में उड़ा रहे हैं।

दशकों पुरानी काश्तकारी और अवैध कब्जे का प्रयास

पीड़ित नगर पालिका कॉलोनी निवासी अंबरीश शर्मा द्वारा जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया है कि मूर्ति मंदिर मदन मोहन विराजमान वृंदावन के पुजारी राधाकांत मूर्ति मंदिर मदनमोहन आराजी को 1993 से मुख्तार आम अम्बरीश शर्मा व उसका परिवार लगातार आज तक काश्त करता चला आ रहा है। वर्तमान में आराजी में गेहूं की फसल खड़ी थी, जिसको शंकरलाल पुत्र बिरधीलाल सुमन (माली) निवासी सोरतीपाडा, मांगरोल अपने राजनैतिक सहयोगियों व असामाजिक तत्वों के सहयोग से फसल को बलपूर्वक काटने पर आमादा है, बल्कि उक्त भूमि के आधे हिस्से से वह फसल काटकर भी ले गए।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल

अम्बरीश शर्मा द्वारा इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक को 22 मार्च 2026 एवं थानाधिकारी मांगरोल को प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया था, किंतु उस पर कोई कार्यवाही नहीं अमल में नहीं लाई गई। इतना ही नहीं 22 मार्च 2026 को शंकरलाल द्वारा मौके पर पहुंच कर फसल काटने लग गया, जिस पर अम्बरीश शर्मा द्वारा शंकरलाल को फसल काटने से रोकने के लिए उसी दिन डिप्टी एस पी को प्रार्थना पत्र समस्त दस्तावेजों के साथ प्रस्तुत किया। उक्त प्रार्थना पत्र डीएसपी द्वारा सीआई मांगरोल को अम्बरीश शर्मा के समक्ष कार्यवाही करने हेतु दे दिया गया था, किंतु मांगरोल के सीआई द्वारा किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की।

हौसले बुलंद: 40 बीघा भूमि की फसल हुई चोरी

उधर दूसरी ओर इसी कारण शंकरलाल एवं उसके साथियों के हौंसले बुलंद हो गए, उनके 22 मार्च 2026 को लगभग 40 बीघा भूमि की फसल काटली और वहां से ले गए। उसके उपरांत अम्बरीश शर्मा द्वारा फसल चोरी की रिपोर्ट 22 मार्च को थाना मांगरोल में प्रस्तुत की गई, किंतु उस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते शंकरलाल व उसके अन्य साथी 23 मार्च 2026 को बाकी फसल को भी काटकर ले गए। अम्बरीश शर्मा एवं उनकी पत्नी तथा परिवार के अन्य सदस्यों ने 23 मार्च को पुलिस थाना मांगरोल में उपस्थित होकर पुनः इस विषय को गंभीरता से लेने का आग्रह किया, लेकिन मांगरोल पुलिस ने पीडित की कोई सहायता नहीं की।

कंट्रोल रूम की सूचना भी रही बेअसर

और तो और मुख्तारआम द्वारा 100 नंबर पर भी कॉल किया, जिस पर पीडित परिवार को थाने में बात करने हेतु आश्वास्त किया गया, किंतु फिर भी मुख्तार आम को कोई सहायता प्राप्त नहीं हुई, जबकि अम्बरीष शर्मा तथा उनकी पत्नी एवं उनका परिवार 3 घंटे तक मांगरोल थाने में ही बैठकर न्याय के लिए गुहार लगाते रहे, परंतु उनकी एक भी नहीं सुनी। पीड़ित अंबरीश शर्मा ने बताया कि उक्त फसल काटने वाले व्यक्तियों में से एक ने बारां कृषि उपज मंडी अध्यक्ष मनीष लश्करी के समक्ष भी 100 रूपए के स्टाम्प पर लिखित में इकरार किया था कि वह उक्त जमीन पर कब्जा नहीं करेगा और उस भूमि पर अंबरीश शर्मा के बड़े भाई अमित विक्रम शर्मा का अधिकार रहेगा।

राजनैतिक रसूख और दबंगई का आरोप

"इसके बावजूद भी शंकरलाल सहित उसके अन्य साथी ताकत के बल पर व राजनैतिक पहुंच होने के कारण फसल को काट कर ले गए?" अम्बरीश शर्मा सहित उनके परिवार द्वारा हर अधिकारी के पास गुहार लगाई गई, किंतु कोई सुनवाई नहीं हुई है। पीडित परिवार पिछले 2 साल से इनकी दंबगई से परेशान हैं और अम्बरीश शर्मा व उसका परिवार आज भी न्याय हेतु बारां जिले के सभी अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story