वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक महाराणा प्रताप का 486वां जन्मोत्सव बारां शहर में हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाराणा प्रताप सेवा संघ के सदस्यों ने प्रताप चौक स्थित महाराणा प्रताप की अश्वारूढ़ प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा जोशीले नारों के साथ उनके शौर्य और त्याग को नमन किया।

महाराणा प्रताप सेवा संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवा और गौसेवा को विशेष महत्व दिया गया। संघ के उपाध्यक्ष एडवोकेट सुरेश शर्मा एवं प्रमोद शर्मा ने बताया कि जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में सभी सदस्य कोटा रोड स्थित गौशाला पहुंचे, जहां गोवंशों को हरा चारा खिलाकर सेवा कार्य किया गया। इसके बाद कृषि उपज मंडी के वरिष्ठ व्यापारी पुरुषोत्तम शर्मा बाबा के सहयोग से प्रसाद वितरण एवं जल सेवा का आयोजन किया गया।

संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र गालव के निर्देशानुसार सभी सदस्य प्रताप चौक पर एकत्रित हुए, जहां से सेवा गतिविधियों की शुरुआत की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने महाराणा प्रताप के जीवन, संघर्ष, राष्ट्रनिष्ठा और अदम्य साहस पर अपने विचार व्यक्त किए तथा उनके आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

इस अवसर पर एडवोकेट शशिकांत शर्मा, सुशील कुमार पंजाबी, सत्यनारायण नागर, पुरुषोत्तम शर्मा बाबा, नंदन शाक्यवाल, अवधेश शर्मा, श्याम गौतम, रामेश्वर शर्मा फतेहपुर, राजेंद्र ठाकुरिया, पटेल मांगीलाल नागर, दिनेश जैन, सत्यप्रकाश सहित अनेक सदस्य एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर एडवोकेट सुरेश कुमार शर्मा एवं प्रमोद शर्मा ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। साथ ही संघ के सदस्यों ने प्रताप सेवा संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र गालव के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए ईश्वर से उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। महाराणा प्रताप जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम समाजसेवा, गौसेवा और राष्ट्रनायकों के प्रति सम्मान की भावना का प्रतीक बनकर उभरा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story