बारां जिले के एक दिवसीय औपचारिक दौरे पर पहुंचे नव नियुक्त महानिरीक्षक पुलिस कोटा रेंज कोटा हरेन्द्र कुमार ने बारां पुलिस की कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण करते हुए अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और संगठित अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। दौरे के दौरान उन्होंने रिजर्व पुलिस लाइन बारां से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदासु ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस कोटा रेंज कोटा हरेन्द्र कुमार ने सर्वप्रथम रिजर्व पुलिस लाइन बारां का भ्रमण किया तथा वृक्षारोपण किया। इसके बाद वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में अपराध गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकगण, वृताधिकारीगण एवं थानाधिकारीगण उपस्थित रहे। गोष्ठी में हत्या, लूट और डकैती जैसे जघन्य एवं संगठित अपराधों की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्गों के विरुद्ध अपराधों का त्वरित अनुसंधान कर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

महानिरीक्षक हरेन्द्र कुमार ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बारां जिले की सीमाएं मध्यप्रदेश के अन्य जिलों से लगने के कारण आर्म्स एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट के तहत अधिकाधिक कार्रवाई करने, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा हिस्ट्रीशीटर्स और हार्डकोर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण और न्यायालय से प्राप्त वारंटों की अधिक से अधिक तामील कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

इसी क्रम में 24 मई 2026 को उप महानिदेशक, भारतीय खेल प्राधिकरण, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय नई दिल्ली तथा पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देशानुसार “संडे ऑन साइकिल” अभियान का विशेष संस्करण आयोजित किया गया। अभियान श्रीराम स्टेडियम बारां से प्रारम्भ होकर प्रताप चौक, धर्मादा चौराहा, अस्पताल रोड और कोटा रोड होते हुए पुनः श्रीराम स्टेडियम पहुंचा। साइकिलिंग अभियान के साथ पुलिस लाइन बारां में योगाभ्यास का आयोजन भी किया गया।

इस अभियान में पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदासु, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बारां कमल कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अपराध अनुसंधान सैल बारां राकेश शर्मा, वृताधिकारी बारां हरिराम सोनी, थानाधिकारी कोतवाली, थानाधिकारी सदर बारां तथा पुलिस लाइन बारां के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। दौरे और अभियान के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने अपराध नियंत्रण, फिटनेस, सड़क सुरक्षा और जनजागरूकता को लेकर स्पष्ट संदेश दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story