कोटा। कोटा जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय सीनियर फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता में बारां के नन्हे खिलाड़ी आहान पौराणिक ने अंडर-9 वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में अतिथियों ने उन्हें प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया। कोटा के एक रिसॉर्ट में संपन्न हुई इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेश भर से आए 224 दिग्गज और नवोदित खिलाड़ियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।

गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष राजेश बिडला और विशिष्ट अतिथि ईश्वर शर्मा उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में अतिथियों ने कहा कि कोटा शहर में पहली बार इस प्रकार की उच्च स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन होना क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रेम भाटिया ने इसे खेल क्षेत्र में एक स्वर्णिम अवसर करार दिया। प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक निलेश कुमार ने बताया कि इस मंच पर 7 वर्ष के बाल खिलाड़ियों से लेकर 70 वर्ष के अनुभवी खिलाड़ियों ने प्रतिस्पर्धा की। इस आयोजन में अंतरराष्ट्रीय स्तर के 1500 से अधिक रेटिंग प्राप्त 72 खिलाड़ियों ने शिरकत कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया।

अंडर-9 वर्ग में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले आहान पौराणिक पूर्व में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में अव्वल रह चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि पर उनके दादा और बारां के प्रतिष्ठित व्यापारी कमलेश पौराणिक, पिता ईशु पौराणिक, राकेश पौराणिक, भारत तिब्बत सहयोग मंच के प्रांतीय प्रचार प्रमुख राजेंद्र शर्मा, बारां व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश बाटा, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के जिलाध्यक्ष हरिओम अग्रवाल, सचिव जगदीश शर्मा, उपाध्यक्ष संजय शर्मा, महेंद्र शर्मा कस्तूरी, भोलेनाथ ग्रुप के आनंद बंसल, दिनेश बंसल, भानु पोरवाल, एडवोकेट सुरेश शर्मा, नरेश सोमानी, हेमंत गुप्ता, राजेंद्र पंडित, दिलीप चौबे, दीपक कालरा और महेश बाबा सहित अनेक शतरंज प्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story