चैत्र नवरात्रा महोत्सव के पावन अवसर पर श्री राड़ी के बालाजी धाम परिसर में आयोजित अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन ने क्षेत्र के सांस्कृतिक इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। महावीर सेवा दल द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन में उमड़े हजारों श्रोताओं के सैलाब ने बुधवार रात 10 बजे से लेकर गुरुवार तड़के 3 बजे तक कवियों की हास्य, व्यंग्य, राष्ट्रहित और वीर रस से ओतप्रोत रचनाओं का रसास्वादन किया। राहुल नाथ के अनुसार, भक्ति और राष्ट्रप्रेम के इस संगम में श्रोता पूरी रात अपनी जगह पर डटे रहे और काव्य सरिता का आनंद लिया।




कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ बनारस की सुप्रसिद्ध कवयित्री प्रीति पांडे द्वारा प्रस्तुत मधुर सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके पश्चात गाजियाबाद से पधारे कवि मोहित शौर्य ने अपनी ओजस्वी वाणी में वीर रस की रचनाएं पढ़कर युवाओं में जोश भर दिया। अष्ठा से आए पंडित महेंद्र मधुर ने पुष्प वाटिका में प्रभु श्री राम और माता सीता के मिलन का ऐसा सजीव चित्रण किया कि उपस्थित जनसमूह भाव-विभोर हो उठा। हास्य के क्षेत्र में धार से आए जानी बैरागी ने अमेरिकन टैरिफ और गैस-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों पर तीखे कटाक्ष कर श्रोताओं को लोटपोट कर दिया। वहीं, भीलवाड़ा के दीपक पारीक ने अपनी विशिष्ट राजस्थानी शैली में 'बाउजी- दिल में आज्ञा' सुनाकर जमकर तालियां बटोरीं। देवास के कवि शशिकांत यादव ने राड़ी के बालाजी मंदिर परिसर में निर्माणाधीन भव्य श्री राम मंदिर पर आधारित अपनी विशेष रचना के माध्यम से पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया और उपस्थित श्रद्धालुओं को मंदिर निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु प्रेरित किया।

महावीर सेवा दल के प्रवक्ता अनिल कसेरा ने जानकारी दी कि इस गरिमामयी समारोह में क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक संगठनों के अध्यक्षों ने अतिथि के रूप में शिरकत की। उपस्थित अतिथियों में आनंद धाम सेवा समिति से अशोक नड्डा एवं अमित सेन, बड़ा मंदिर समिति से गुड्डी लाल, पशुपति नाथ मंदिर समिति से सुरेश पंडित, श्री कृष्ण गौशाला से दिलीप मित्तल, गढ़ गणपति सेवा समिति से मिहिर शर्मा, मानस मंडल धोकड़े के बालाजी से शैलेंद्र अग्रवाल, श्री राम सेवा दल पाताल हनुमान मंदिर से विनोद खंडेलवाल तथा बड़ वाले बालाजी समिति से विनोद धाभाई प्रमुख रूप से सम्मिलित रहे।

आयोजन की अध्यक्षता महावीर सेवा दल के अध्यक्ष संजय जैन ताऊ ने की, जबकि कुशल मंच संचालन प्रवक्ता अनिल कसेरा द्वारा संपन्न किया गया। समारोह के सफल क्रियान्वयन में मेला संयोजक राजकुमार सोनी, सह संयोजक जोधराज नागर, भूपेंद्र शर्मा, चंद्रमोहन धाभाई, राम महेश्वरी, राहुल नाथ पटवा, लोकेश व्यास और श्रीमती अल्पना जैन सहित अन्य सदस्यों ने सभी आमंत्रित कवियों एवं अतिथियों का परंपरागत रूप से स्वागत-सत्कार कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। यह कवि सम्मेलन न केवल मनोरंजन का साधन बना, बल्कि इसने चैत्र नवरात्रा के धार्मिक उत्साह को एक नई ऊंचाई प्रदान की।

Updated On
Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story