कपड़ा व्यापार समिति करेगी हिमांशी गर्ग और भावेश जैन का सम्मान, सफलता पर होगा अभिनंदन
बारां में कपड़ा व्यापार समिति हिमांशी गर्ग और भावेश जैन की शानदार उपलब्धियों पर सम्मान समारोह आयोजित करेगी। सेबी में द्वितीय भारतीय रैंक और सीए सफलता हासिल करने वाली प्रतिभाओं के अभिनंदन की तैयारी शुरू हुई।

तस्वीर में बारां में कपड़ा व्यापार समिति के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद हैं।
बारां। कपड़ा व्यापार समिति बारां ने प्रतिभा और सफलता का सम्मान करने का निर्णय लिया है। समिति द्वारा वरिष्ठ व्यापार पदाधिकारी दिनेश गर्ग की बेटी हिमांशी गर्ग एवं वर्तमान समिति कोषाध्यक्ष राजेंद्र जैन के बेटे भावेश जैन की उल्लेखनीय उपलब्धियों पर उनका सम्मान किया जाएगा।
कपड़ा व्यापार समिति अध्यक्ष एवं जिला प्रवक्ता प्रदीप जैन ने बताया कि दोनों प्रतिभाओं ने प्रथम प्रयास में ही सफलता हासिल कर अपने परिवार, कपड़ा व्यापार और अन्नपूर्णा नगरी बारां का गौरव बढ़ाया है। इसी उपलब्धि को देखते हुए समिति प्रतिभावान बच्चों के सम्मान के लिए कार्यक्रम आयोजित करेगी।
उन्होंने बताया कि भावेश जैन ने अपने प्रथम प्रयास में ही सीए पास कर अपनी काबिलियत का परचम लहराया है। वहीं बिटिया हिमांशी गर्ग ने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड की लीगल स्ट्रीम ऑफिसर ग्रेड ए परीक्षा में सामान्य वर्ग में भारतीय रैंक में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके बाद उनकी नियुक्ति सेबी भवन मुंबई में हुई, जिससे कपड़ा व्यापार समिति सहित बारां का मान बढ़ा है।
प्रदीप जैन ने बताया कि कपड़ा व्यापार समिति सदस्यगण के जो भी होनहार बच्चे विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा से नए आयाम स्थापित कर रहे हैं, समिति उन सभी का एक भव्य कार्यक्रम आयोजित कर अभिनंदन सम्मान करेगी।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक रामचंद्र झाम, मनोहर गठानी, अमर सिंह, जिला अध्यक्ष रमण गर्ग, वरिष्ठ सलाहकार धीरज हल्दिया सहित सभी पदाधिकारी एवं सदस्यगण द्वारा दिनेश गर्ग को बधाइयां प्रेषित की गईं। कपड़ा व्यापार समिति का यह निर्णय प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया है।

