बारां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 129वें एपिसोड को भाजपा बारां जिला पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जिले के सभी बीस मंडलों के बूथ सदस्यों सहित परिवारजन मिलकर सामूहिक रूप से सुना। शहर में भाजपा के पदाधिकारी कोटा रोड स्थित सांसद कार्यालय पर इकट्ठा हुए और कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुना।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश विजय, नंदलाल सुमन, वरिष्ठ नेता रामस्वरूप यादव, प्रेम नारायण सोनी, बारां अटरु विधायक राधेश्याम बैरवा, किशनगंज विधायक ललित मीणा, जिला महामंत्री लक्ष्मीनारायण नागर एवं शहर अध्यक्ष ओपी पारेता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करते हुए भारत की सबसे बड़ी ताकत को उसका जनभागीदारी आधारित विकास मॉडल बताया। उन्होंने युवाओं की ऊर्जा, महिलाओं के नेतृत्व, किसानों के परिश्रम और नवाचार को देश की प्रगति का आधार बताया। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, आत्मनिर्भर भारत, स्थानीय उत्पादों को अपनाने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।

प्रधानमंत्री ने समाज में सकारात्मक सोच, अनुशासन और सेवा भावना को सुदृढ़ करने का आह्वान करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव का कारण बन सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया।

इस कार्यक्रम ने बारां में भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन के बीच राष्ट्रीय योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रति जागरूकता और उत्साह को बढ़ावा दिया। सामूहिक रूप से ‘मन की बात’ सुनने का यह आयोजन न केवल नेतृत्व के संदेश को सीधे जनता तक पहुँचाने का माध्यम बना, बल्कि स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी आधारित विकास की भावना को भी प्रबल किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story