बारां। हाड़ोती अंचल में पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और उसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन की एक महत्वपूर्ण बैठक बारां के एक निजी रिसोर्ट में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान ने की। इस अवसर पर हाड़ोती के पर्यटन स्थलों की एक विशेष प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसमें विशेषज्ञों द्वारा पुस्तकों के माध्यम से क्षेत्र के संपूर्ण ऐतिहासिक वैभव से आगंतुकों को रूबरू कराया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संभागीय आयुक्त अनिल अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि बारां जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान उपस्थित रहे।

बैठक में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि हाड़ोती के पर्यटन को निरंतर गति देने के लिए कोटा, बूंदी, बारां एवं झालावाड़ की इकाइयां एकजुट होकर प्रयासरत हैं। प्रदर्शनी में आए 500 से अधिक लोगों ने हाड़ोती के इतिहास और पर्यटन स्थलों के प्रति गहरी रुचि दिखाई। संभागीय आयुक्त अनिल अग्रवाल ने होटल फेडरेशन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व में हाड़ोती पर्यटन विकास की दिशा में तेजी से अग्रसर हुआ है। उन्होंने कहा कि हाड़ोती में कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ का जैसा बेहतरीन पर्यटन समावेश है, वैसा राज्य के किसी अन्य संभाग में नहीं है। कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट, कोटा महोत्सव, बूंदी महोत्सव, झालावाड़ का चंद्रभागा मेला और बारां के डोल मेला उत्सव ने हाड़ोती की संस्कृति को एक नई पहचान दी है। उन्होंने आमजन का आह्वान किया कि वे सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से इन स्थलों का प्रचार करें। साथ ही, उन्होंने बारां में पर्यटन कार्यालय खोलने, होटल मैनेजमेंट कॉलेज शीघ्र शुरू करने और पर्यटन स्थलों के पुनरुत्थान के लिए फेडरेशन की मांगों को उचित ठहराते हुए सार्थक प्रयासों का आश्वासन दिया।

बारां जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने कहा कि प्रशासन पर्यटन स्थलों को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने पुष्टि की कि होटल मैनेजमेंट कॉलेज का भवन तैयार है और इसे जल्द शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने पर्यटन कार्यालय की मांग को उचित बताते हुए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने की बात कही, ताकि निवेशकों को मार्गदर्शन मिल सके। फेडरेशन के अध्यक्ष हुसैन खान ने कहा कि हाड़ोती को भरतपुर, रणथंभौर, जयपुर, चित्तौड़ और उदयपुर जैसे पर्यटन सर्किटों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे पर्यटक हाड़ोती तक भी पहुंच सकें। उन्होंने पिछले दो वर्षों में हुए कार्यों को अभूतपूर्व बताया।

अशोक माहेश्वरी ने बताया कि 'भारत माला रोड' परियोजना शुरू होने से हाड़ोती की गुजरात, अहमदाबाद और दिल्ली से कनेक्टिविटी बढ़ेगी, जिससे पर्यटन में भारी वृद्धि होगी। बारां इकाई के अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल और सचिव जगदीश शर्मा ने रामगढ़ क्रेटर, भंडदेवरा मंदिर, बिलासगढ़, शाहबाद किला, तपस्वी जी की बगीची, भड़का प्रपात, सोरसन और शेरगढ़ जैसे स्थलों का उल्लेख करते हुए बताया कि बारां में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने मानसून सीजन में बारां में दो दिवसीय प्रवास की रणनीति पर जोर दिया, क्योंकि इस दौरान यहां छह से अधिक जलप्रपात अपनी सुंदरता बिखेरते हैं। बैठक में फेडरेशन के कोषाध्यक्ष संदीप गोगिया, कार्यकारिणी सदस्य सीताराम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर बारां में पर्यटकों की सुविधा के लिए एक विशेष वाहन का लोकार्पण भी किया गया। हरिओम अग्रवाल ने विश्वास दिलाया कि बारां में पर्यटकों के आतिथ्य सत्कार और भ्रमण व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story