उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी से मिला होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान का प्रतिनिधिमंडल
होटल फेडरेशन के पदाधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी से मुलाकात कर बारां जिला मुख्यालय पर पर्यटन कार्यालय खोलने और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की मांग की।

तस्वीर में (बाएं से दाएं) कुमार शामी शर्मा, महेंद्र शर्मा कस्तूरी, राजेंद्र शर्मा, जितेंद्र शर्मा पम्मी, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, हुसैन खान, रणविजय सिंह, खुशाल पारीक, हरिओम अग्रवाल, कुमार हामी और अन्य सदस्य जयपुर में शिष्टाचार भेंट के दौरान कार्यालय में खड़े हैं।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान की प्रांतीय एवं बारां जिला इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी से शिष्टाचार भेंट कर बारां जिले के पर्यटन विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री को ऐतिहासिक एवं विश्वविख्यात शेरगढ़ नगरी के भ्रमण के लिए आमंत्रित किया तथा बारां प्रवास का निमंत्रण भी दिया।
भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बारां जिला मुख्यालय पर पर्यटन कार्यालय की स्थापना, जिले में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार तथा पर्यटन विकास से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दे उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखे। इस दौरान इन विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन नई पहलों से बारां जिले के पर्यटन को नई पहचान और गति मिलेगी तथा क्षेत्र की आर्थिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और विकास को भी सशक्त आधार प्राप्त होगा।
इससे पूर्व जयपुर में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान की बीकानेर संभाग, बारां, जयपुर एवं कोटा संभाग के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में फेडरेशन के संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा का सानिध्य प्राप्त हुआ। बैठक में आगामी कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान फेडरेशन के प्रांतीय अध्यक्ष हुसैन खान, महासचिव रणविजय सिंह, बीकानेर संभाग अध्यक्ष खुशाल पारीक तथा बारां अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपने विचार रखे और पर्यटन एवं आतिथ्य उद्योग को सुदृढ़ बनाने के लिए सुझाव प्रस्तुत किए।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान, महासचिव रणविजय सिंह, हाड़ौती पैनोरमा विकास समिति बारां के अध्यक्ष एवं भारत तिब्बत सहयोग मंच के प्रांतीय प्रचार प्रमुख राजेंद्र शर्मा, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान बारां इकाई के अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल, उपाध्यक्ष महेंद्र शर्मा कस्तूरी, बीकानेर संभाग अध्यक्ष खुशाल पारीक, इंटेक बारां चैप्टर के कन्वीनर जितेंद्र शर्मा पम्मी, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान बारां के राज्य स्तरीय प्रतिनिधि कुमार शामी शर्मा, कुमार हामी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को बारां प्रवास के लिए आमंत्रित करने के साथ जन-जन के आराध्य देव भगवान श्रीकल्याणराय जी मंदिर में स्थापित विग्रह का छायाचित्र भी भेंट किया। यह मुलाकात बारां जिले में पर्यटन विकास को नई दिशा देने और पर्यटन से जुड़े बुनियादी ढांचे के विस्तार की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
