विश्व संग्रहालय दिवस के अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान, बारां इकाई के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष हरिओम अग्रवाल के नेतृत्व में जयपुर संभाग अध्यक्ष हुसैन खान एवं कोटा संभाग अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय स्थित हाड़ौती पैनोरमा एवं जिला संग्रहालय का भ्रमण किया। इस दौरान टीम ने संग्रहालयों में प्रदर्शित प्राचीन, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों तथा कलाकृतियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और संबंधित रिपोर्ट राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यालय को प्रेषित की।

फेडरेशन के मीडिया प्रमुख राजेंद्र शर्मा एवं इंटेक के कन्वीनर जितेंद्र शर्मा पम्मी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस संदर्भ में होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान की टीम ने जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों से विशेष चर्चा भी की। उन्होंने बताया कि संग्रहालयों में प्रदर्शित ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक धरोहरों की जानकारी जुटाने के लिए जयपुर संभाग अध्यक्ष हुसैन खान एवं कोटा संभाग अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी द्वारा निर्देश दिए गए थे, जिसके अनुपालन में यह भ्रमण किया गया।

टीम ने हाड़ौती पैनोरमा एवं जिला संग्रहालय में मूर्तियों, चित्रों, हथियारों, सजावटी कलाकृतियों के साथ-साथ स्थानीय मंदिरों और किलों के चित्रों के संग्रह का अवलोकन किया। फेडरेशन पदाधिकारियों ने माना कि यह संग्रह पर्यटकों के लिए अत्यंत आकर्षक है तथा इसके माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सकता है। इस दौरान हरिओम अग्रवाल के साथ आनंद बंसल, दिनेश बंसल, भानू पोरवाल, महेंद्र शर्मा कस्तूरी, कमल नागर, नितिन महाजन, मनोज भारद्वाज, अंकित खंडेलवाल, हितेश खंडेलवाल, किशन मेहर, नितिन मीणा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने ऐतिहासिक धरोहरों का गहन अवलोकन किया तथा डॉक्यूमेंट्री तैयार कर हुसैन खान एवं अशोक माहेश्वरी को प्रेषित की।

डॉक्यूमेंट्री के अवलोकन के बाद जयपुर संभाग अध्यक्ष हुसैन खान ने कहा कि बारां सहित प्रदेश के सभी संग्रहालय हमारी धार्मिक, पौराणिक, सांस्कृतिक विरासत को संजोकर रखने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को इतिहास से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। वहीं कोटा संभाग अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि विश्व संग्रहालय दिवस बच्चों और युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का सुनहरा अवसर प्रदान करता है।

बारां इकाई अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल ने संग्रहालयों के संरक्षण एवं संवर्धन की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि राजस्थान की ऐतिहासिक, पुरातात्विक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं पर्यटन धरोहरें राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान रखती हैं। उन्होंने कहा कि संग्रहालयों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़कर पर्यटन को और अधिक प्रोत्साहित किया जा सकता है तथा रोजगार के अवसर भी बढ़ाए जा सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जयपुर एवं कोटा संभाग अध्यक्षों के माध्यम से वे राज्य सरकार के संबंधित मंत्रियों एवं विभागों से लगातार संपर्क में हैं, ताकि सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं पर्यटन विकास के लिए प्रभावी प्रयास किए जा सकें।

यह आयोजन न केवल संग्रहालयों के महत्व को रेखांकित करता है, बल्कि बारां जिले की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहचान को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Updated On
Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story