भारतीय जनता पार्टी के सांगठनिक ढांचे को मजबूती प्रदान करते हुए प्रदेश नेतृत्व एवं भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार की सहमति से हेमंत मीणा रजपाली को अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा का बारां जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस घोषणा के साथ ही जिले के राजनीतिक गलियारों और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष हेमंत मीणा ने अपनी इस नियुक्ति पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, बारां-झालावाड़ सांसद दुष्यंत सिंह, एसटी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष गोपीलाल मीणा, जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार और बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बेरवा सहित समस्त वरिष्ठ नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने संकल्प दोहराया कि संगठन द्वारा सौंपी गई इस महती जिम्मेदारी पर वह सभी के सहयोग से शत-प्रतिशत खरा उतरने का प्रयास करेंगे। मीणा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास' की नीति ही देश की एकजुटता का आधार है और जन कल्याण के प्रति सकारात्मक भूमिका का संकल्प ही युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है।

हेमंत मीणा रजपाली के नाम की आधिकारिक घोषणा होते ही भाजपा जिला कार्यालय में स्वागत समारोह का आयोजन हुआ। भाजपा मीडिया विभाग कोटा संभाग सह-संयोजक राजेंद्र शर्मा, जिला प्रवक्ता योगेश राजोरा एवं भानु प्रताप सिंह रहलाई ने बताया कि जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, विधायक राधेश्याम बेरवा और पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश मीणा सहित विभिन्न पदाधिकारियों ने मीणा का माल्यार्पण कर भव्य अभिनंदन किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सिकरवार ने हेमंत मीणा को एक कर्मठ, जुझारू और निष्ठावान कार्यकर्ता बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में मोर्चा संगठनात्मक दृष्टि से नई ऊंचाइयों को छुएगा। इसके पश्चात हेमंत मीणा ने कार्यकर्ताओं के हुजूम के साथ चारमूर्ति चौराहा पहुंचकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, शहीद भगत सिंह और विनायक दामोदर सावरकर की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने प्रताप चौक पर महाराणा प्रताप और आंबेडकर सर्किल पर बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। उत्साह का आलम यह था कि प्रताप चौक पर कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और मिठाइयां बांटकर शीर्ष नेतृत्व के निर्णय का स्वागत किया। यह नियुक्ति जिले में अनुसूचित जनजाति वर्ग के बीच पार्टी की सक्रियता और पैठ को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रभावी कदम मानी जा रही है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story