बारां, 14 दिसम्बर।

राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रविवार, 15 दिसम्बर को जिलेभर में व्यापक स्तर पर आरोग्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। जिले के सभी जिला, उप जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं उप स्वास्थ्य केन्द्रों पर एक साथ ये शिविर आयोजित होंगे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव सक्सेना ने बताया कि राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इन आरोग्य शिविरों में विशेष रूप से 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के व्यक्तियों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की जाएगी। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं चिकित्सा संस्थानों पर आने वाले सभी पात्र व्यक्तियों की बीएमआई, रक्तचाप, शुगर तथा कॉमन कैंसर की जांच की जाएगी और समस्त जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। बीपी एवं शुगर जांच में पॉजिटिव पाए जाने वाले मरीजों को फॉलोअप के साथ नियमानुसार उपचार उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि भविष्य में गंभीर जटिलताओं से बचा जा सके।

उन्होंने बताया कि आरोग्य शिविरों के दौरान टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संभावित लक्षणों वाले रोगियों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार से जोड़ा जाएगा। साथ ही टीबी रोगियों को दानदाताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं निक्षय मित्रों के माध्यम से पोषण किट का वितरण किया जाएगा। शिविरों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, जिससे अधिक से अधिक लोग इस स्वास्थ्य अभियान का लाभ उठा सकें।

आरोग्य शिविरों के प्रभारी आरसीएचओ डॉ. जगदीश कुशवाह ने बताया कि शिविरों में शिशुओं के नियमित टीकाकरण के साथ ही सभी गर्भवती महिलाओं का 12 सप्ताह से पूर्व पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा। प्रसव पूर्व चार आवश्यक जांचों के साथ हिमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर सहित अन्य जरूरी परीक्षण किए जाएंगे और माताओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए आवश्यक परामर्श भी दिया जाएगा।

इसके अतिरिक्त जिले में रक्तदान शिविरों का आयोजन जिला अस्पताल बारां, उप जिला अस्पताल अंता, मांगरोल, अटरु, छबड़ा, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छीपाबड़ौद, किशनगंज एवं केलवाड़ा में किया जाएगा। यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करेगा, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूती प्रदान करेगा। राज्य सरकार की यह पहल जिले के हजारों नागरिकों के लिए बेहतर और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story