हथियादह सिंचाई परियोजना: डूब क्षेत्र के परिवारों ने मुआवजे के लिए दिया ज्ञापन
किशनगंज में हथियादह मध्यम सिंचाई परियोजना के प्रभावित ग्रामीणों ने उचित मुआवजे और दोबारा निष्पक्ष सर्वे की मांग को लेकर प्रशासन को 15 दिन की चेतावनी दी।

किशनगंज तहसील कार्यालय में हथियादह मध्यम सिंचाई परियोजना से प्रभावित ग्रामीण लेखराज शर्मा के नेतृत्व में जिला कलेक्टर के नाम उपजिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए।
बारां। राजेंद्र शर्मा। समस्त पीड़ित परिवार हथियादह मध्यम सिंचाई परियोजना किशनगंज जिला बारां की ओर से डूब क्षेत्र में आ रहे परिवारों को पुन: सर्वे कराने एवं उचित मुआवजे की मांग को लेकर लेखराज शर्मा (करवरी कलां) सचिव राजीव गांधी पंचायत राज विभाग के नेतृत्व में उपजिला कलेक्टर किशनगंज को जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन दिया है।
सर्वे में विसंगतियों और कम मुआवजे का आरोप
ज्ञापन में बताया कि ग्राम करवरीकलां, करवरीखुर्द, हथियादह के निवासी हथियादह मध्यम सिंचाई परियोजना के तहत पूर्व में किए गए सर्वे में कई परिवारों के मकान, कृषि भूमि और परिसंपत्तियों का सही आंकलन नहीं किया गया है, कई पात्र परिवार सूची से छूट गए हैं। "वर्तमान में प्रस्तावित मुआवजा राशि बाजार दर और परिसंपत्तियों के वास्तविक मूल्य से काफी कम है, जिससे विस्थापित होने वाले परिवारों के सामने भविष्य का संकट खड़ा हो गया है।" डूब क्षेत्र के परिवारों के पास रहने के लिए वैकल्पिक स्थान और आजीविका के साधनों का अभाव है, बिना उचित मुआवजे और व्यवस्था के विस्थापन अनुचित होगा।
विस्थापन एवं भविष्य की सुरक्षा की मांग
परियोजना के भराव क्षमता क्षेत्र में किनारे पर छुटी हुई कृषि भूमि में कृषि कार्य करने हेतु रास्ता अथवा परियोजना में शामिल कर उचित मुआवजा दिया जाना आवश्यक है। अधिकांश लोगों को माता-पिता के साथ ही जोड़ा गया है, जबकि उनके लड़के अलग-अलग निवास करते हैं, उन्हें पृथक-पृथक मकानों का मुआवजा दिया जाकर पृथक-पृथक निवास हेतु स्थान उपलब्ध करवाया जाए। जिन परिवारों को विस्थापित किया गया है उन परिवारों के लिए रोजगार की उचित व्यवस्था करवाई जाए।
प्रशासन को 15 दिवस की चेतावनी
उन्होंने मांग की है कि डूब क्षेत्र में आने वाले समस्त परिवारों का एक निष्पक्ष और पारदर्शी सर्वे कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर 15 दिवस के बाद मांगों का समाधान नहीं किया गया तो समस्त परिवार बच्चों व पत्नी सहित तहसील मुख्यालय व जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
ज्ञापन सौंपने वाले ग्रामीण
ज्ञापन देने वालों में नरेंद्र मीणा ब्रजनगर, मानसिंह खैरवा, नाथूलाल सहरिया, राधेश्याम सहरिया, कप्तान बंजारा, बबलू बंजारा, कालूलाल सहरिया, जयपाल सहरिया, राधेश्याम बंजारा, बालकिशन खैरवा, सूरज खैरवा, बादाम बाई सहरिया के साथ ही दर्जनों पीड़ित ग्रामीण मौजूद रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
