बारां में अखिल भारतीय हरियाणा गौड़ ब्राह्मण महासभा के स्नेह मिलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में समाज की 59 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। अस्पताल रोड स्थित संस्था धर्मादा धर्मशाला में आयोजित समारोह में समाज की एकता, शिक्षा, मातृशक्ति और युवा शक्ति को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिरधीचंद शर्मा रहे, जबकि अध्यक्षता बारां-झालावाड़ सांसद दुष्यंत सिंह ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा, अंता-मांगरोल विधायक प्रमोद जैन भाया एवं किशनगंज-शाहबाद विधायक ललित मीणा मौजूद रहे।

अति विशिष्ट अतिथियों में महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री सीताराम शर्मा आलियाबाद, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष शंभु शर्मा कुइवाले, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामनारायण शास्त्री, राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रद्युम्न शर्मा, जिला अध्यक्ष परमानंद शर्मा खुरी, कार्यक्रम जिला संयोजक कैलाश शर्मा, सह संयोजक हेमराज भारद्वाज एवं अशोक भाल, जिला महामंत्री दिनेश शर्मा छेलाबेल तथा नगर अध्यक्ष प्रमोद झाला सहित अन्य पदाधिकारी मंचासीन रहे।

मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष बिरधीचंद शर्मा ने सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने समारोह में महिला शक्ति की लगभग 60 प्रतिशत सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के विकास में मातृशक्ति और युवा शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।

समारोह की अध्यक्षता कर रहे सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा कि शिक्षा और संस्कार के साथ समाज को एकजुट रहते हुए आगे बढ़ना चाहिए। प्रतिभाओं का सम्मान उनके उत्साहवर्धन के साथ-साथ उन्हें भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित करता है।

अंता-मांगरोल विधायक प्रमोद जैन भाया ने आतिथ्य के लिए समाजबंधुओं का आभार जताते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज का महत्व सदैव सर्वोपरि रहा है। बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा ने कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई धन नहीं है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को शिक्षा के महत्व को समझाते हुए समाजबंधुओं की सामुदायिक भवन एवं छात्रावास के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग पर कहा कि चुनाव के बाद आचार संहिता समाप्त होने पर जो भी संभव होगा, उसके लिए प्रयास किए जाएंगे।

किशनगंज-शाहाबाद विधायक ललित मीणा ने युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण का मजबूत स्तंभ बताते हुए युवाओं से देश के महान वैज्ञानिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जीवनी पढ़ने का आग्रह किया।

कार्यक्रम का संचालन महासभा के जिला महामंत्री दिनेश शर्मा छेलाबेल ने किया, जबकि महासभा के जिलाध्यक्ष परमानंद शर्मा खुरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम मीडिया प्रभारी योगेश राजोरा ने बताया कि समारोह का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती, भगवान परशुराम एवं हरित ऋषि के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इसके बाद मंचासीन अतिथियों ने अखिल भारतीय हरियाणा गौड़ ब्राह्मण महासभा बारां जिले की 59 प्रतिभाओं को प्रतीक चिह्न, प्रशस्ति पत्र एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया। राजोरा ने बताया कि कार्यक्रम से पूर्व मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष बिरधीचंद शर्मा का समाजबंधुओं द्वारा स्वामी विवेकानंद पार्क पर भव्य आतिशबाजी के साथ स्वागत किया गया तथा गाड़ियों के काफिले के साथ उन्हें कार्यक्रम स्थल तक लाया गया। समारोह में प्रतिभाओं के सम्मान के साथ समाज की एकता, शिक्षा, मातृशक्ति और युवा शक्ति को आगे बढ़ाने का संदेश प्रमुखता से सामने आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story