हाड़ौती टेंट डीलर्स समिति का शपथ ग्रहण संपन्न, जीएसटी 5% करने की मांग
बारां में आयोजित कार्यक्रम में राजेश बिरला ने कार्यकारिणी को शपथ दिलाई, अशोक माहेश्वरी ने टेंट एवं कैटरिंग व्यवसाय पर जीएसटी दरें घटाने और नवाचार पर जोर दिया।

बारां के अग्नि की रिसोर्ट में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नवनियुक्त अध्यक्ष दीपक सिंघल और अन्य पदाधिकारियों को शपथ दिलाते मुख्य अतिथि राजेश बिरला व उपस्थित गणमान्य।
बारां। हाड़ोती टेन्ट डीलर्स समिति के शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन बूंदी रोड स्थित अग्नि की रिसोर्ट में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश बिरला ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवाई। इस अवसर पर राजेश बिरला ने कहा कि "टेंट व्यवसाय एक बड़ा एवं महत्वपूर्ण व्यापार है, जिसके बिना कोई भी सामाजिक आयोजन संभव नहीं है। टेंट व्यवसाई भी सामाजिक सरोकारों में आग्रणी भूमिका निभा सकते हैं, इन्हें किफायती दरों पर कार्य कर अपना योगदान देना चाहिए।" उन्होंने टेंट व्यवसाईयों से किफायती दरों पर सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाए तथा रोजगार भी बढ़े और इस क्षेत्र को नई गति मिल सके।
जीएसटी दर 18 से घटाकर 5 प्रतिशत करने की मांग
समारोह की अध्यक्षता कर रहे होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष एवं कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने व्यवसाय की चुनौतियों पर प्रकाश डाला। माहेश्वरी ने पुरजोर शब्दों में मांग रखते हुए कहा कि "सरकार को टेंट एवं कैटरिंग व्यवसाय पर जीएसटी 18 से घटाकर 5 प्रतिशत करना चाहिए, ताकि व्यवसाय और रोजगार को प्रगति मिल सके।" उन्होंने तर्क दिया कि टेंट एवं कैटरिंग व्यवसाय पर वर्तमान 18 प्रतिशत जीएसटी दर अत्यधिक है, क्योंकि यह व्यवसाय सीधा सामाजिक सरोकारों से जुड़ा हुआ है। माहेश्वरी ने भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि हाड़ौती क्षेत्र में पर्यटन तेजी से विकसित हो रहा है, जिससे भविष्य में कोटा तथा आसपास के क्षेत्र में डेस्टिनेशन वेडिंग्स बढ़ेंगी और टेंट, कैटरिंग एवं होटल व्यवसाय को नई गति मिलेगी। इसके लिए व्यवसायियों को आधुनिक तकनीक अपनाते हुए अपने कार्य में नवाचार करना होगा।
कोटा में आयोजित होगा राज्य स्तरीय अधिवेशन
अशोक माहेश्वरी ने आगामी सितंबर माह में कोटा में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय टेंट व्यवसाईयों के अधिवेशन के विषय पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने इस आयोजन के निर्णय लेने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि जिंदल एवं प्रदेशाध्यक्ष रास बिहारी शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि कोटा व्यापार महासंघ एवं होटल फेडरेशन कोटा डिवीजन इस आयोजन में पूर्ण सहयोग देंगे। इस अधिवेशन में राज्यभर से लगभग 10 हजार टेंट व्यवसाईयों के आने की संभावना है, जिन्हें कोटा के पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा। इससे शहर के पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा मिलेगा, जो एक सकारात्मक प्रयास होगा।
पर्यटन नगरी के रूप में उभरता कोटा
बारां इकाई के अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल ने बताया कि समारोह के विशिष्ठ अतिथि टेंट डीलर्स समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि जिंदल एवं प्रदेश अध्यक्ष रास बिहारी शर्मा थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि जिंदल एवं प्रदेश अध्यक्ष रास बिहारी शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि "कोटा तेजी से एक प्रमुख पर्यटन नगरी के रूप में उभर रहा है और यहां आयोजित होने वाले अधिवेशन से कोटा तथा इस क्षेत्र की भौगोलिक, कला व सांस्कृतिक, धार्मिक तथा ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक और प्राचीन धरोहरों की पहचान को और मजबूती से देश के विभिन्न राज्यों तक पहुंचाने का अवसर प्राप्त होगा।" उन्होंने कहा कि पूरा राज्य भर के टेन्ट व्यवसाई कोटा तथा आसपास के क्षेत्रों के पर्यटन स्थलों का अवलोकन कर सकेंगे। कोटा टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल एवं सचिव गुरमीत सिंह सन्नी ने बताया कि इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक सिंघल सहित सभी पदाधिकारियों का अभिनंदन किया गया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण और सम्मान
कार्यक्रम में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की ओर से अतिथियों एवं विभिन्न संभागों से आए टेंट व्यवसाईयों का स्मृति चिन्ह, दुपट्टा एवं हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की स्मारिका देकर सम्मान किया गया। हाड़ौती टेंट डीलर समिति में होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जवाहर बंसल को संरक्षक, बारां ईकाई के अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल एवं उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, बूंन्दी से मुकेश श्रृंगी उपाध्यक्ष को पदाधिकारी बनाए जाने पर उनका भी अभिनंदन किया गया। हाड़ोती टेन्ट डीलर्स समिति की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के अध्यक्ष दीपक सिंघल, महामन्त्री गुरमित सिंह सन्नी, कोषाध्यक्ष मोर मन सिंह, उपाध्यक्ष सोरभ पोरवाल, कपिल शर्मा, मुकेश श्रृंगी, पूनम अग्रवाल, अशोक व देवकीनन्दन सहित सभी पदाधिकारियों ने पद व गोपनीयता की शपथ ली।
समारोह में राज्य के विभिन्न संभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे, जिनमें अजमेर संभाग से मो. अजीम व संदीप गोयल, जयपुर से अतुल शर्मा, जोधपुर से जालाराम, पाली से जहीर मकरानी, नागौर से पंकजलाल गोयल, उदयपुर से अर्जुन खोखावत, भरतपुर से मुकेश गुप्ता, झुंझुनूं से मुकेश धानका और बीकानेर से पूनमचंद कच्छवा व सुनील भाटी सहित हाडोती संभाग के सभी जिलों के प्रतिनिधि और टेंट व्यवसाई मौजूद थे।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
