जिले में राज्य सरकार के ग्राम रथ अभियान के तहत चार एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से बुधवार को भी जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई गई। अभियान का उद्देश्य आमजन को योजनाओं से जोड़ते हुए सीधे संवाद स्थापित करना है। इस दौरान ऑडियो-वीडियो प्रस्तुतियों और नुक्कड़ नाटकों के जरिए योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया गया।

अभियान के अंतर्गत जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में संचालित मोबाइल वैन की एलईडी स्क्रीन पर किसानों को खेती-बाड़ी की आधुनिक तकनीकों और उन्नत कृषि पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी गई। चारों वैन लगातार वीडियो संदेशों का प्रसारण कर रही हैं, जिससे किसानों को नवीनतम कृषि उपायों से अवगत कराया जा सके। योजनाओं को रोचक बनाने के लिए संध्या चौपाल के दौरान लोक कलाकारों द्वारा गीतों और नाटकों के माध्यम से सरल और प्रभावी ढंग से जानकारी प्रस्तुत की जा रही है। साथ ही रथों पर सुझाव पेटिका रखी गई है, जिससे ग्रामीणों के सुझाव लेकर योजनाओं को और अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

बुधवार को ग्रामीण बहुल विधानसभा क्षेत्र अंता के छत्रपुरा, रायथल, महुआ, किसनपुरा, जलोदातेजाजी, बारां-अटरू के जिरोद, कुन्जैड़, आटोन, किशनगंज के बांसथूनी, पींजना, बिलासगढ़, फल्दी, किशनगंज तथा छबड़ा के बारई, कडैयानोहर, घाटाखेड़ी, मूण्डक्या में ग्राम रथों के माध्यम से जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में एलईडी स्क्रीन पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के संदेशों का प्रसारण कर जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित किया गया। स्थानीय नागरिकों ने इन सूचनात्मक वीडियो घोषणाओं और संदेशों को ध्यानपूर्वक देखा और सुना। लोक कलाकारों ने नृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

गुरुवार को भी अभियान जारी रहेगा। विधानसभा क्षेत्र अंता के भोज्याहेड़ी, बलवनखेड़ी, मालबमोरी, सीमल्या, रामपुरा भगतान, बारां-अटरू के भैंसड़ा, बमोरी, खुरी, अर्डान्द, किशनगंज के केलवाड़ा, दांता, बाल्दा, ऊनी, महोदरा, पीपलखेड़ी तथा छबड़ा के झरखेड़ी, निपानिया, पचपाड़ा और सेमली में ग्राम रथों के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के तहत ग्राम पंचायत बरूनी के ग्राम जीत का टापरा निवासी लाभार्थी ब्रजमोहन नायक पुत्र रामनारायण नायक ने बताया कि उनका परिवार अत्यंत गरीब था और कच्चे मकान में रहने को विवश था। बरसात के समय घर में पानी भर जाता था और कीड़े-मकोड़ों का खतरा बना रहता था, जिससे जीवन यापन कठिन हो जाता था। ग्राम पंचायत द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी मिलने पर उन्हें पक्के आवास निर्माण के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये तथा मनरेगा के तहत 90 दिन की मजदूरी की राशि प्राप्त हुई। इस सहायता से उन्होंने पक्का मकान बनवाया, जिससे उनके जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ और सामाजिक व मानसिक रूप से सकारात्मक बदलाव आया।

ग्राम रथ अभियान न केवल योजनाओं की जानकारी देने का माध्यम बन रहा है, बल्कि यह ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाकर सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story