बारां। अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ बारां वन विभाग ने कड़ी कार्रवाई कर क्षेत्र में कानून का संदेश भेजा है। उपवन संरक्षक विवेकानंद माणिकराव के आदेशों और क्षेत्रीय वन अधिकारी भूपेंद्र सिंह हाडा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में वन विभाग की टीम ने शाहाबाद रोड से एनएच-27 की ओर आते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया, जिसमें गीली लकड़ी भरी हुई थी।

नाका प्रभारी कल्याणपुरा के रामकुमार सिंह, सिकन्दर मीणा, दिनेश गोचर एवं नवीन वनरक्षक द्वारा रात के समय गश्त के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया। जांच के दौरान चालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में असमर्थ रहा। ट्रॉली पर लगी तिरपाल हटाने पर गीली लकड़ी बरामद हुई। मौके पर ही वाहन को जब्त कर रेंज कार्यालय की नर्सरी परिसर में खड़ा किया गया।

वन विभाग ने राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत तत्काल कार्रवाई करते हुए राजस्थान वन अधिनियम, 1953 की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध लकड़ी परिवहन और वनों की कटाई पर शून्य सहिष्णुता है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में वन संरक्षण और नियमों के पालन के महत्व को दोहराया गया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story