दो वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए: प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी
राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने बारां जिले में विकास की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण पेश किया। सड़क, कृषि, ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक योजनाओं में ठोस परिणाम सामने आए, जिससे आमजन का जीवन सरल और समृद्ध हुआ।

बारां। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिले के प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। देवासी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने दो वर्षों में स्पष्ट नीति और ईमानदार नीयत के साथ प्रदेश के विकास को नए आयाम प्रदान किए हैं। हर गरीब और किसान तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं, विदेशी निवेश, सौर ऊर्जा तथा ईआरसीपी जैसी परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश की प्रगति को गति दी गई है।
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने अपने घोषणा पत्र के 70 प्रतिशत कार्य प्रारंभ किए और कई महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण किए हैं। बारां जिले में भी इस अवधि के दौरान चिकित्सा, शिक्षा, पेयजल, सड़क निर्माण, कृषि और ऊर्जा क्षेत्रों में अनेक ठोस परिणाम सामने आए हैं। वर्ष 2024-25 के बजट में जिले के लिए 41 घोषणाओं के तहत 2496.86 करोड़ रुपए आवंटित किए गए, जिनमें से 167 कार्य पूर्ण हो चुके हैं और 71 कार्य प्रगतिरत हैं।
सार्वजनिक निर्माण विभाग में पहले बजट के 195 कार्यों की 268.77 करोड़ की स्वीकृति दी गई, जिनमें से 157 कार्य पूर्ण किए गए। दूसरी बजट घोषणाओं में 73 कार्यों के लिए 367.12 करोड़ रूपए की स्वीकृति दी गई और 30 कार्य प्रगतिरत हैं। इस अवधि में 438.97 करोड़ रुपए व्यय कर 357.49 किलोमीटर सड़कों का निर्माण, चौड़ाईकरण एवं नवीनीकरण किया गया। ग्रामीण सड़कों का 38.57 किलोमीटर निर्माण पूर्ण हुआ और 30.53 किलोमीटर कार्य प्रगतिरत हैं। स्टेट हाईवे एवं एमडीआर सड़कों के 120.30 किलोमीटर कार्य पूर्ण किए गए और 119.08 करोड़ रुपए खर्च कर प्रगतिरत कार्य जारी हैं।
कृषि क्षेत्र में किसानों के लिए 353 सोलर पम्प संयंत्र, 2608 हेक्टेयर क्षेत्र में ड्रिप एवं मिनी स्प्रिंकलर, 5013 हेक्टेयर क्षेत्र में फव्वारा संयंत्र स्थापित किए गए। इसके अलावा फल बगीचों, ग्रीन हाउस, शेड नेट हाउस, प्याज भंडार गृह और वर्षा जल संग्रहण की योजनाओं को लागू किया गया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 1052 लाख रुपए के बीमा क्लेम का वितरण 13,310 किसानों को किया गया।
विद्युत एवं ऊर्जा क्षेत्र में जिले में 132 केवी का एक ग्रिड सब-स्टेशन और 33/11 केवी के 9 सब-स्टेशन स्थापित किए गए। 22,775 परिवारों को घरेलू विद्युत कनेक्शन और 3,131 किसानों को कृषि कनेक्शन प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत 1.9 मेगावाट क्षमता के 477 सोलर संयंत्र स्थापित हुए।
स्वास्थ्य एवं सामाजिक क्षेत्र में मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के अंतर्गत 1.35 लाख लाभार्थियों को 12.75 करोड़ रुपए की कैशलेस सुविधा उपलब्ध करवाई गई। जिला चिकित्सालय और उप जिला चिकित्सालयों में हिमोडायलिसिस जैसी सुविधाएं प्रदान की गईं। पेयजल योजनाओं के अंतर्गत 62.11 करोड़ रुपए व्यय कर 16,543 नल कनेक्शन दिए गए। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज के तहत 988 परिवारों को आवासीय भूखंड आवंटित किए गए, जबकि लखपति दीदी योजना के तहत 72,596 महिलाएं 1 लाख रुपए से अधिक वार्षिक आमदनी कर रही हैं।
ईआरसीपी परियोजना के तहत 14,350 हेक्टेयर भूमि पर सिंचाई एवं पेयजल परियोजनाओं का निर्माण लगभग 1,240 करोड़ की लागत से किया जाएगा। इसके अतिरिक्त रानीहेड़ा लिफ्ट परियोजना सहित कई नवीन सिंचाई योजनाएं प्रगतिशील हैं। जनजाति क्षेत्रीय विकास में शाहबाद में सहरिया जनजाति वर्ग के लिए तीरंदाजी एवं एथलेटिक्स अकादमी स्थापित की गई। रामगढ़ क्रेटर साइट एवं शेरगढ़ किले का विकास पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से आमजन का जीवन सरल और समृद्ध हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट (भ्रष्टाचार निरोधक एक्ट) का न्यायालय खोला गया है। इस अवसर पर विधायक राधेश्याम बैरवा, ललित मीणा, जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, एडीएम भंवरलाल जनागल और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
- बारां विकासओटाराम देवासीराज्य सरकार 2 वर्षसड़क निर्माण बारांकृषि योजना बारांसौर ऊर्जा परियोजनापीएम सूर्य घरआयुष्मान आरोग्य योजनाईआरसीपी परियोजनाजनकल्याण योजनाएँप्रधानमंत्री फसल बीमा योजनाग्रामीण विकासजल जीवन मिशनबारां बजट 2024-25स्वास्थ्य सुविधाएं बारांBaran developmentOtaram Devasistate government 2 yearsBaran road projectsagriculture schemes Baransolar energy projectsPM Surya GharAyushman Arogya YojanaERCP projectswelfare schemesPM crop insurancerural developmentJal Jeevan MissionBaran budget 2024-25health facilities Baran

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
