बारां में रक्षाबंधन पर एकल अभियान का आयोजन, विद्यालयों को बांटी पाठ्यसामग्री
बारां में एकल अभियान के कार्यालय पर रक्षाबंधन हर्षोल्लास से मनाया गया। विधायक राधेश्याम बैरवा ने अभियान के कार्यों की सराहना की, जबकि एफटीएस जयपुर से प्राप्त पाठ्यसामग्री प्रशिक्षकों को वितरित की गई।

तस्वीर में बारां में एकल अभियान के कार्यालय पर रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर विधायक राधेश्याम बैरवा और अन्य पदाधिकारी पाठ्यसामग्री के साथ नजर आ रहे हैं।
बारां में रक्षाबंधन का पर्व एकल अभियान, संभाग राजस्थान (अंचल बारां) के कार्यालय पर हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ भारती की वंदना से हुई। इस अवसर पर एकल विद्यालयों के लिए पाठ्यसामग्री का वितरण किया गया और देश, समाज तथा मान-बिन्दुओं की रक्षा का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष डॉ. सुरेश मेघवाल ने सभी का स्वागत एवं परिचय कराया। उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों में समरसता और रक्षा के संकल्प के साथ रक्षाबंधन मनाने की संरचना पर प्रकाश डाला। साथ ही एफटीएस से सामग्री भेजने के लिए आभार व्यक्त किया।
संभाग संरक्षक परमानंद ने राष्ट्रहित में एकल अभियान के कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि देश, समाज और मान-बिन्दुओं के मान-सम्मान की रक्षा का वचन निभाने का अवसर भी है।
समारोह के मुख्य अतिथि बारां-अटरू क्षेत्र के विधायक श्री राधेश्याम जी बैरवा ने एकल अभियान के कार्यों की सराहना करते हुए इसे ‘ईश्वरीय कार्य’ बताया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। केंद्रीय सह प्रशिक्षण प्रमुख एवं अंचल पालक ब्रजमोहन मित्तल ने शिक्षण पद्धति और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर एकल विद्यालयों के लिए एफटीएस जयपुर से प्राप्त पाठ्यसामग्री का संच प्रशिक्षकों को वितरित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित बहनों ने विधायक सहित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को राखी बांधी। इसके प्रतिउत्तर में सभी ने बहनों को मिष्ठान और दक्षिणा भेंट की।
कार्यक्रम में अंचल समिति के उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम नामा, जिला सचिव द्वारकालाल प्रजापति, कोषाध्यक्ष चतुर्भुज सैनी, कैलाश शर्मा, कमल, धनराज नागर तथा शिवराज योगी ने अपने विचार साझा किए। शहर से पधारे विशिष्ट अतिथि ओम चक्रवर्ती, निरंजन शर्मा, पवन नागर और दीपांशु गेरा ने भी सभी को रक्षाबंधन पर्व की बधाई दी।
अंचल अभियान प्रमुख भग्गूलाल पटेलिया के आभार प्रदर्शन के बाद भारत माता की जय, वन्दे मातरम और जय श्री राम के गगनभेदी जयकारों तथा कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। रक्षाबंधन समारोह में पर्व के माध्यम से सामाजिक समरसता, राष्ट्रहित और एकल विद्यालयों के शैक्षणिक कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
