खेल मैदान में पेयजल संकट: कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
कोटा रोड स्थित खेल संकुल में वाटर कूलर और आरओ लगाने की मांग को लेकर शाहिद इकबाल भाटी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात की।

बारां में खेल मैदान पर पेयजल सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर बाल मुकुंद असावा को ज्ञापन देते कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शाहिद इकबाल भाटी व अन्य सदस्य।
भीषण गर्मी के बीच शहर के प्रमुख खेल मैदान में शुद्ध पेयजल व्यवस्था नहीं होने से खिलाड़ियों और आमजन को हो रही परेशानी को लेकर कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ ने जिला प्रशासन के समक्ष आवाज बुलंद की। कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शाहिद इकबाल भाटी ने कोटा रोड स्थित खेल संकुल एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय मैदान में पेयजल सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर बाल मुकुंद असावा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि शहर के इस प्रमुख खेल मैदान में प्रतिदिन सुबह और शाम सैकड़ों खिलाड़ी विभिन्न खेलों का अभ्यास करने पहुंचते हैं। इसके साथ ही बड़ी संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी मॉर्निंग एवं इवनिंग वॉक के साथ व्यायाम के लिए मैदान का उपयोग करते हैं। इसके बावजूद मैदान परिसर में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से खिलाड़ियों और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ ने ज्ञापन के माध्यम से खेल मैदान परिसर में वाटर कूलर और आरओ मशीन लगवाने, पर्याप्त पानी की टंकियां एवं नल स्थापित करवाने तथा नियमित पानी सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि गर्मी के मौसम में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव खिलाड़ियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है।
जिलाध्यक्ष शाहिद इकबाल भाटी ने कहा कि खिलाड़ियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने खेल मैदान में शीघ्र प्रभाव से पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई, ताकि खिलाड़ियों और आमजन को राहत मिल सके।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं नगर परिषद के पूर्व वाइस चेयरमैन हाजी अब्दुल गनी, मौलाना आजाद मानव सेवा संस्था के अध्यक्ष शेख बहादुर अली, अब्दुल वहिद मुन्ना मास्टर, मुन्ना अली खोखर सहित अन्य सदस्य और खिलाड़ी मौजूद रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
