बारां। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को जिले की ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक धरोहर रामगढ़ क्रेटर में भव्य स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने सहभागिता करते हुए व्यापक स्तर पर स्वच्छता का संदेश दिया।

स्वच्छता अभियान में जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजवीर सिंह चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी, उपखंड अधिकारी राकेश कुमार, उप वन संरक्षक विवेकानन्द राव बड़े सहित जिले के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सभी ने मिलकर श्रमदान करते हुए रामगढ़ क्रेटर परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुंदर वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।

यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए स्वच्छ भारत मिशन के आह्वान और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के स्वच्छ, विकसित एवं आत्मनिर्भर राजस्थान के विजन से प्रेरित था। अभियान के माध्यम से यह संदेश स्पष्ट किया गया कि स्वच्छता केवल प्रशासनिक प्रयासों से नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है।

जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने बताया कि रामगढ़ क्रेटर को राज्य सरकार द्वारा बारां जिले के ‘पंच गौरव’ में शामिल किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ प्राकृतिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन महत्व की धरोहरों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और रामगढ़ क्रेटर सहित जिले की सभी सार्वजनिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने में निरंतर सहयोग करें।

स्वच्छता अभियान ने न केवल रामगढ़ क्रेटर की सुंदरता को बनाए रखने में योगदान दिया, बल्कि यह भी संदेश दिया कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी की भूमिका अति महत्वपूर्ण है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story