छीपाबड़ौद पेट्रोल पंप पर 8 दिन में दो बार चोरी, सीसीटीवी फुटेज से जांच तेज
छीपाबड़ौद पेट्रोल पंप चोरी मामला, Baran Chhipabarod petrol pump theft, गोविंद इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप चोरी CCTV फुटेज, Salpura Road petrol pump theft case, पेट्रोल पंप सुरक्षा मांग राजस्थान

छीपाबड़ौद के सालपुरा रोड पर स्थित गोविंद इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप का बाहरी दृश्य, जहां हाल ही में चोरी की वारदातें हुईं।
छीपाबड़ौद क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर आठ दिन के अंतराल में दिनदहाड़े दो बार चोरी की घटना सामने आने से पेट्रोल पंप संचालक सहित क्षेत्रीय जनता में चिंता का माहौल है। पेट्रोल पंप संचालक ने दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज जयपुर से एक्सपर्ट बुलाकर पेन ड्राइव में रिकॉर्ड करवाए और छीपाबड़ौद पुलिस को उपलब्ध करा दिए हैं। साथ ही स्थानीय प्रशासन और जिला प्रशासन से स्वयं की तथा पेट्रोल पंप परिसर में कार्यरत स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार 6 जुलाई 2026 को सालपुरा रोड पर लहसुन मंडी के पास स्थित मैसर्स गोविंद इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर कंप्रेसर और बिजली के पलों की लगभग 120 मीटर लंबाई की केबल काटकर ले गए। इस चोरी की घटना की जानकारी 11 जुलाई को पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने संचालक को दी, जिसके बाद संचालक के निर्देश पर कर्मचारियों ने 11 जुलाई 2026 को स्थानीय पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।
6 जुलाई को चोरी की घटना होने और पुलिस को रिपोर्ट देने के बाद भी आठ दिनों तक कोई कार्यवाही या हलचल नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हो गए। इसके बाद अज्ञात चोरों ने दोबारा 14 जुलाई 2026 को दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर इसी तरह की चोरी की घटना को अंजाम दिया और सामान चुरा कर ले गए। इस घटना की रिपोर्ट भी पेट्रोल पंप कर्मचारियों द्वारा स्थानीय पुलिस थाने को दी गई है।
पेट्रोल पंप संचालक गोविंद सिंह यादव आवश्यक कार्य से बाहर गए हुए थे। चोरी की घटना की जानकारी मिलने के बाद वह छीपाबड़ौद पहुंचे और छीपाबड़ौद पुलिस थानाधिकारी से मुलाकात कर घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पुलिस से घटना का अविलंब खुलासा करने, आवश्यक न्यायोचित कार्यवाही करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
थाना अधिकारी ने हर एंगल को ध्यान में रखते हुए जांच कर घटना का जल्द ही खुलासा करने और सुरक्षा प्रदान करने का आश्वासन दिया। इसके बाद पेट्रोल पंप संचालक ने राहत की सांस ली। दोनों चोरी की घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराए जाने के बाद अब जांच में तेजी आने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
