मेहनत और संकल्प से साधारण परिस्थितियों से भी बन सकते हैं असाधारण : पूनम सोलंकी
छबड़ा के बालिका विद्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित हुआ, जहां किशोरियों को सम्मानित कर पूनम सोलंकी ने मेहनत, संकल्प और लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास को सफलता की कुंजी बताते हुए प्रेरित किया।

तस्वीर में छबड़ा के विद्यालय में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा स्मृति-चिह्न भेंट किया जा रहा है।
बारां/छबड़ा। विद्या भारती द्वारा संचालित मदनलाल भवानी शंकर गुप्त बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, छबड़ा में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में प्रतिभावान किशोरी बालिकाओं का मंगल तिलक कर स्मृति-चिह्न भेंट करते हुए सम्मान किया गया।
समारोह की प्रमुख वक्ता संकुल प्रमुख पूनम सोलंकी, बांसवाड़ा ने बालिकाओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि “प्रतिभा अपना रास्ता स्वयं चुनती है, आवश्यकता केवल उसे अनुकूल वातावरण और उचित अवसर देने की है।” उन्होंने कहा कि विद्यालय में बालिकाओं के समग्र विकास की संकल्पना को साकार करने का सतत प्रयास किया जा रहा है।
पूनम सोलंकी ने कहा कि सच्चे मन, दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम से किया गया प्रयास निश्चित रूप से सफलता का फल देता है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए कहा कि सच्ची मेहनत, लगन और गुरुजनों के प्रति श्रद्धा के बल पर उन्होंने साधारण परिस्थितियों से उठकर असाधारण प्रतिभा का परिचय दिया और विश्व के लिए प्रेरणा का केंद्र बने।
उन्होंने बालिकाओं से अपनी प्रतिभा को पहचानकर लक्ष्य निर्धारित करने तथा उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य मनोरमा शर्मा ने बताया कि समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि माधवी दीदी रहीं, जबकि अध्यक्षता राजेंद्र कुमार शर्मा ने की। कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मी वर्मा दीदी ने किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
