नव चयनित आचार्य वर्ग में स्पोकन इंग्लिश प्रशिक्षण, संवाद में दिखा आत्मविश्वास
बारां जिले के छबड़ा स्थित आदर्श विद्या मंदिर में विद्या भारती के तत्वावधान में नव चयनित आचार्यों के लिए विशेष अंग्रेजी भाषा संप्रेषण एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।

छबड़ा के आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर के दौरान स्मृति चिह्न हाथ में लिए बैठे आचार्य राजकुमार सेन पर उनके जन्मदिवस के अवसर पर पुष्पवर्षा कर बधाई देते पदाधिकारी।
बारां/छबड़ा स्थित आदर्श विद्या मंदिर में विद्या भारती के तत्वावधान में चल रहे नव चयनित आचार्य वर्ग में गुरुवार को अंग्रेजी भाषा प्रशिक्षण का प्रभावी सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्या भारती इंग्लिश कम्युनिकेशन ट्रेनिंग सेंटर, जवाहर नगर जयपुर के समन्वयक एवं प्रशिक्षण प्रमुख राममनोहर शर्मा ने उपस्थित आचार्यों को व्यावहारिक एवं संवाद आधारित स्पोकन इंग्लिश प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रशिक्षण सत्र में राममनोहर शर्मा ने आचार्यों को आत्मविश्वास, सहजता और निरंतर अभ्यास के माध्यम से अंग्रेजी भाषा में धाराप्रवाह संवाद करने की तकनीकें समझाईं। उन्होंने दैनिक जीवन में उपयोग होने वाले वाक्यों, प्रभावी संप्रेषण शैली तथा परिचय प्रस्तुत करने की बारीकियों को सरल और रोचक तरीके से प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अंग्रेजी भाषा पर दक्षता प्राप्त करने के लिए नियमित अभ्यास, सही उच्चारण और आत्मविश्वास अत्यंत आवश्यक हैं।
सत्र की विशेषता यह रही कि सभी आचार्यों ने पूर्णतः स्पोकन इंग्लिश में संवाद कर अभ्यास किया, जिससे उन्हें वास्तविक परिस्थितियों में भाषा प्रयोग का अवसर मिला। प्रश्नोत्तर, संवाद अभ्यास एवं समूह गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया, जिससे उनके अभिव्यक्ति कौशल और आत्मविश्वास में वृद्धि देखी गई।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय परंपरा के अनुरूप आचार्य राजकुमार सेन का जन्म दिवस भी मनाया गया। इस अवसर पर वर्ग संयोजक राजेंद्र कुमार शर्मा, प्रबंध प्रमुख अमृत लाल मीणा, प्रबंध समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार भार्गव, सचिव नरेंद्र कुमार सोनी सहित दीनदयाल नागर, सत्यनारायण मेघवाल, नीरज रावल, राजेश नामा, राजेन्द्र रावल, चोथमल शर्मा, नरेश प्रजापति सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह प्रशिक्षण सत्र न केवल भाषा कौशल विकास का माध्यम बना, बल्कि आचार्यों के व्यक्तित्व निर्माण और संप्रेषण क्षमता को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
