शेरगढ़ अभयारण्य में चीता P-3 का आगमन, स्थायी आवास बनाने की मांग
कूनो से आए चीते के स्वागत में शाहबाद घाटी संरक्षण समिति ने राजस्थान सरकार को सौंपा ज्ञापन, कॉरिडोर की सुरक्षा और ईको-टूरिज्म पर दिया जोर।

राजस्थान के बारां जिले स्थित शेरगढ़ वन्यजीव अभयारण्य में कूनो नेशनल पार्क से निकलकर आए चीता पी-3 के आगमन ने वन्यजीव प्रेमियों और संरक्षणवादियों के बीच उत्साह की लहर दौड़ा दी है। शाहबाद घाटी संरक्षण संघर्ष समिति बारां ने इस घटनाक्रम का जोरदार स्वागत करते हुए इसे बारां जिले और संपूर्ण हाड़ौती क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक व गौरवपूर्ण क्षण करार दिया है। समिति के संरक्षक और अधिवक्ता प्रशांत पाटनी सहित अन्य सदस्यों ने इस संदर्भ में राजस्थान सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन प्रेषित कर इस क्षेत्र की पारिस्थितिक महत्ता को रेखांकित किया है।
समिति ने सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए स्पष्ट किया कि शेरगढ़ अभयारण्य और कूनो नेशनल पार्क के मध्य एक सीधा प्राकृतिक कॉरिडोर विद्यमान है। चीता पी-3 का स्वतः चलकर यहाँ पहुँचना इस तथ्य का जीवंत प्रमाण है कि यह मार्ग वन्यजीवों के आवागमन के लिए एक सक्रिय और अत्यंत महत्वपूर्ण इकोलॉजिकल कॉरिडोर के रूप में कार्य कर रहा है। यह संपूर्ण क्षेत्र मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व को भी जोड़ता है, जो भविष्य में चीता और अन्य दुर्लभ वन्यजीवों के लिए एक सुरक्षित और आदर्श पर्यावास विकसित करने की असीम संभावनाएं रखता है।
ज्ञापन के माध्यम से समिति सदस्य शशांक नंदवाना और इंटैक सदस्य हरिओम अग्रवाल ने सरकार से यह विनम्र अनुरोध किया है कि चीता पी-3 को वापस कूनो भेजने के उद्देश्य से उसे ट्रैंक्विलाइज़ करने जैसी किसी भी अप्राकृतिक या तनावपूर्ण प्रक्रिया का उपयोग न किया जाए। उन्होंने तर्क दिया कि चीता स्वेच्छा से यहाँ पहुँचा है, जो दर्शाता है कि उसे शेरगढ़ का प्राकृतिक वातावरण अपने अनुकूल लगा है। इसी क्रम में भारतीय सांस्कृतिक निधि (इंटेक) वराह नगरी बारां अध्याय की एडवाइजरी कमेटी के चेयरमैन विष्णु साबू ने बताया कि शेरगढ़ अभयारण्य में चीतों के जीवनयापन के लिए आवश्यक विस्तृत घास के मैदान, शाहबाद-रामगढ़-किशनगंज के सघन वन और पार्वती नदी की गहरी कंदराएं उपलब्ध हैं, जो शिकार और सुरक्षा की दृष्टि से पूर्णतः उपयुक्त हैं।
शाहबाद घाटी संरक्षण संघर्ष समिति के संरक्षक, इंटेक सदस्य बृजेश विजयवर्गीय और डॉ. मुकेश मीणा ने जोर देकर कहा कि यदि शेरगढ़ में चीते का स्थायी प्रवास सुनिश्चित किया जाता है, तो इससे न केवल जैव-विविधता का संरक्षण होगा, बल्कि बारां जिले में ईको-टूरिज्म को भी अभूतपूर्व बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। समिति सदस्य मुकेश सोनी, भानु गुप्ता और क्षेत्र के समस्त वन्यजीव प्रेमियों ने सामूहिक स्वर में मांग की है कि प्रशासन को चीते को यहाँ से खदेड़ने के बजाय उसकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए। शेरगढ़ में चीते की उपस्थिति हाड़ौती के प्राकृतिक वैभव को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक शुभ संकेत है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
