नई दिल्ली राष्ट्रीय महिला व्यापार सम्मेलन में बारां कैट टीम सम्मानित
दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय समिट में बारां की महिला उद्यमियों ने व्यापारिक कौशल का प्रदर्शन किया और उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मान प्राप्त किया।

नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय महिला व्यापार सम्मेलन के समापन सत्र में सम्मानित होतीं बारां कैट अध्यक्ष चन्दा ठाकुरिया और उनकी टीम। मंच पर कैट के राष्ट्रीय पदाधिकारी और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित हैं।
नई दिल्ली/बारां। नई दिल्ली में कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के तत्वाधान में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय महिला व्यापार सम्मेलन में राजस्थान के बारां जिले की वूमेन विंग ने अपनी सशक्त और प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई है। 17-18 अप्रैल को आयोजित इस भव्य समिट में देशभर की 400 से अधिक महिला उद्यमियों ने शिरकत कर अपने व्यवसायिक अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक सांसद श्री प्रवीण खंडेलवाल उपस्थित रहे, जबकि सत्र की अध्यक्षता कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री भरतिया जी द्वारा की गई। सम्मेलन के द्वितीय दिवस के मुख्य सत्र में दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। अपने संबोधन में श्रीमती गुप्ता ने राष्ट्र के सर्वांगीण विकास हेतु महिलाओं की भागीदारी को अपरिहार्य बताते हुए कहा कि आज की नारी परिवार और समाज के साथ-साथ व्यापारिक क्षेत्र में भी अपनी भूमिका का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर रही है।
बारां, कोटा एवं उदयपुर प्रभारी सुमन गोयल ने सम्मेलन को महिला उद्यमियों के लिए एक ऐतिहासिक मंच बताया, जहाँ व्यापारिक नेटवर्किंग के साथ-साथ नवीन संभावनाओं पर गहन मंथन हुआ। बारां कैट अध्यक्ष चन्दा ठाकुरिया एवं सचिव चारु गुप्ता के अनुसार, इस दो दिवसीय आयोजन में फाइनेंस, डिजिटल टेक्नोलॉजी, साइबर क्राइम और वास्तु जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विशेष सत्र संचालित किए गए, जिसमें व्यापारिक समस्याओं के त्वरित समाधान प्रस्तुत किए गए। सांस्कृतिक संध्या के दौरान बारां वूमेन विंग की सदस्य ललिता टोंग्या, लवली खंडेलवाल, रानी नोपड़ा, सुमन गोयल, चन्दा ठाकुरिया एवं चारु गुप्ता ने "मेरा देश है रंगीला" गीत पर प्रादेशिक परिधानों में अपनी शानदार प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
मीडिया प्रभारी एवं फाउंडर सदस्य ललिता टोंग्या ने बारां के लिए हर्ष का विषय बताते हुए जानकारी दी कि आगामी राष्ट्रीय चुनावों हेतु मनोज ड्रोलिया को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए चयनित किया गया है। साथ ही, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती संगीता पाटिल जलगांव द्वारा सुमन ड्रोलिया को राष्ट्रीय निदेशक एवं संयोजक के महत्वपूर्ण दायित्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सम्मेलन के समापन पर बारां कैट अध्यक्ष चन्दा ठाकुरिया एवं उनकी पूरी टीम को उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जो संपूर्ण बारां जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मेलन महिला सशक्तिकरण और व्यापारिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध हुआ है।

