बारां। ब्राह्मण समाज की एकता, संगठन और सामाजिक जागरूकता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शहर की कोटा रोड स्थित सीनियर हायर सेकेंडरी स्कूल प्रांगण में रविवार को आयोजित ब्राह्मण युवा संगम में जिलेभर से हजारों की संख्या में ब्राह्मण युवा उत्साहपूर्वक जुटे। पूरे कार्यक्रम के दौरान समाज की एकता, संगठन और भविष्य की दिशा पर व्यापक चर्चा हुई, जबकि सदन में उपस्थित युवाओं ने दोनों हाथ उठाकर यूजीसी के कथित काले कानून का खुला विरोध जताया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद मंचासीन अतिथियों का स्वागत-सत्कार किया गया। कार्यक्रम में कामखेड़ा बालाजी धाम के कृपापात्र पं. रोहित नागर और विप्र सेना के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद शर्मा सहित जिलेभर के ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

सभा को संबोधित करते हुए पं. रोहित नागर ने कहा कि ब्राह्मण समाज ने सदैव राष्ट्र और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आवश्यकता है कि युवा वर्ग शिक्षा, संस्कार और संगठन के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का कार्य करे। उन्होंने युवाओं से सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए समाज की एकता को मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही सभा में मौजूद मातृशक्ति और बुजुर्गों से आगामी पीढ़ी को संस्कारवान बनाने का आग्रह किया।

इससे पूर्व सभा का अभिनंदन करते हुए नीरज नयन शर्मा ने ब्राह्मण समाज की एकता, संगठन और सामाजिक जिम्मेदारी पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज का इतिहास ज्ञान, त्याग और समाज सेवा की परंपरा से जुड़ा रहा है। वर्तमान समय में युवाओं को शिक्षा, संस्कार और संगठन के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का दायित्व निभाना होगा।

कार्यक्रम के दौरान मंच से अन्य वक्ताओं ने यूजीसी के कथित काले कानून को रोलेट एक्ट की संज्ञा देते हुए कड़े शब्दों में विरोध जताया। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक समरसता का परिचायक ब्राह्मण समाज सदैव राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाता आया है, लेकिन इस प्रकार के काले कानून भारतवर्ष को कमजोर करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारें और राजनीतिक दल एक ओर सबका साथ, सबका विकास और जात-पात को समाप्त करने की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर समाज को तोड़ने वाली पहल से पीछे नहीं हटते। वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि यूजीसी के काले कानून के खिलाफ सवर्ण समाज की जंग जारी है और उसकी वापसी तक संघर्ष जारी रहेगा।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर कार्यक्रम संयोजक आशीष शर्मा ने जिलेभर से पधारे समाज बंधुओं, मातृशक्ति और युवाओं का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन सुनील शर्मा ने किया। इस दौरान भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनी समाज की बेटी ऋषिका शर्मा का सम्मान भी किया गया। आयोजन समिति से जुड़े तेजेश शर्मा, दीपक शर्मा, मनोज शर्मा, सुमित गौत्तम, यज्ञेश शर्मा, सचिन सनाढ्य, मयंक तिवारी, चेतन व्यास, जिम्मी पारीक, अभिषेक सनाढ्य, नीरज शर्मा और आशीष शर्मा सहित हजारों की संख्या में ब्राह्मण समाज के गणमान्य नागरिक, युवा और मातृशक्ति उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण उत्साह और जोश से भरा रहा, जहां समाज की एकता और संगठन को मजबूत करने का संदेश स्पष्ट रूप से उभरकर सामने आया।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story