बोरेड़ी शनिधाम में शनि जयंती महोत्सव, विधायक प्रमोद जैन भाया ने बांटा प्रसाद
अंता विधायक प्रमोद जैन भाया ने बोरेड़ी शनिधाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं को पुएं का प्रसाद वितरित कर जनसंवाद किया।

बोरेड़ी शनिधाम में आयोजित शनि जयंती कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करते पूर्व मंत्री एवं अंता विधायक प्रमोद जैन भाया।
हाड़ौती क्षेत्र के प्रसिद्ध प्राचीन शनि महाराज मंदिर एवं दिव्य प्रकट स्थल बोरेड़ी शनिधाम में शनिवार को शनि अमावस्या और शनि जयंती के अवसर पर श्रद्धा, आस्था और भक्ति का विशाल संगम देखने को मिला। अलसुबह से ही विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का शनिधाम पहुंचना शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। मंदिर परिसर “जय शनिदेव” के जयघोषों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और कष्टों से मुक्ति की कामना की।
इस अवसर पर अन्ता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया भी बोरेड़ी शनिधाम पहुंचे। उन्होंने शनि महाराज की विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेश और क्षेत्र की खुशहाली, सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की प्रार्थना की। इसके बाद विधायक भाया श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे और पुएं के प्रसाद का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद भी किया।
विधायक प्रमोद जैन भाया ने कहा कि बोरेड़ी शनिधाम आज सम्पूर्ण हाड़ौती क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां प्रत्येक शनि अमावस्या पर हजारों श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं और शनिदेव महाराज के आशीर्वाद से मानसिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। शनिधाम बोरेड़ी केवल मंदिर नहीं, बल्कि जनआस्था, सेवा और लोककल्याण का प्रतीक बन चुका है। यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
विधायक भाया ने बताया कि श्री शनिधाम विकास एवं वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा प्रशासन के सहयोग से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल, छाया, भूमि पर मेटिंग, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और यातायात नियंत्रण की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। इसके चलते श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
उन्होंने ट्रस्ट और प्रशासनिक अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने समन्वय और सेवा भावना के साथ कार्य कर आयोजन को सुव्यवस्थित और सफल बनाया। साथ ही श्रद्धालुओं से धार्मिक आयोजनों में अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह भी किया।
शनिधाम परिसर में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और प्रसादी वितरण का दौर चलता रहा। श्रद्धालुओं ने शनिदेव महाराज के दर्शन कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा और सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय बना रहा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
