किशनगंज स्थित भारत माता कॉलेज में आयोजित भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान शिविर के दूसरे दिन संगठन, राष्ट्रवाद, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, वैचारिक अधिष्ठान, सोशल मीडिया की भूमिका और विकसित भारत के संकल्प को लेकर विस्तृत मंथन हुआ। शिविर में जिलेभर से पहुंचे अपेक्षित पदाधिकारी और कार्यकर्ता विभिन्न सत्रों में शामिल हुए।

पांचवें सत्र को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चौधरी ने केंद्र सरकार की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बिना किसी भेदभाव के गरीब को गणेश मानकर उनकी उन्नति के लिए कार्य किया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ लोगों को पक्की छत मिली, उज्ज्वला योजना के माध्यम से 11 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए गए तथा 11 करोड़ शौचालय बनाकर गरीबों को सम्मानजनक जीवन प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना के जरिए पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज से करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव आया है। किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और एफपीओ के माध्यम से किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया गया है।

कैलाश चौधरी ने कहा कि 55 करोड़ जनधन खाते खुलवाकर योजनाओं का लाभ सीधे गरीबों के खातों तक पहुंचाया गया। युवा, महिला, किसान और व्यापारियों को विभिन्न करों में राहत देकर मोदी सरकार आमजन का जीवन बदलने का कार्य कर रही है। हर जिले में मेडिकल कॉलेज, अस्पतालों तक सुगम पहुंच, हाई स्पीड ट्रेन, एयरपोर्ट, निर्यात वृद्धि, स्वदेशी उत्पादन और एम्स संस्थानों की संख्या बढ़ाने जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 2047 के विकसित भारत के विजन को साकार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं। सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष मुकुट नागर ने की।

छठवें सत्र में सोशल मीडिया संभाग संयोजक रजनीश राणा ने संगठन में सोशल मीडिया और मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एआई तकनीक के सदुपयोग से संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डिजिटल माध्यमों के जरिए सरकार की योजनाओं और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता प्रेमनारायण सोनी ने करते हुए प्रशिक्षण से सीख लेकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

सातवें सत्र में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवांगी सिकरवार ने प्रशिक्षण की आवश्यकता, राष्ट्रवाद के महत्व और संगठन विस्तार पर विचार रखे। सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र नागर ने की।

आठवें सत्र में भाजपा नेता हीरेंद्र शर्मा ने वैचारिक अधिष्ठान पर चर्चा करते हुए कहा कि एकात्म मानव दर्शन और राष्ट्रवाद भाजपा की मूल संस्कृति है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद दर्शन को भाजपा ने आत्मसात कर अपना मूल दर्शन माना है। पंचनिष्ठा के आधार पर भाजपा देश की एकता और अखंडता के लिए कार्य कर रही है। सत्र की अध्यक्षता ललित मीणा ने करते हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

नौवें सत्र में जिला संगठन सह प्रभारी गौरव शर्मा ने राजनीति में धैर्य और सहनशीलता के महत्व पर चर्चा करते हुए भाजपा की पांच स्तरीय कार्य प्रणाली की जानकारी दी। सत्र की अध्यक्षता प्रधान मोरपाल सुमन ने करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

दसवें सत्र में पूर्व विधायक नरेंद्र नागर ने देश के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत को मजबूत बनाना ही इन समस्याओं का एकमात्र समाधान है। उन्होंने आतंकवाद और नक्सलवाद को बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार रक्षा क्षेत्र को मजबूत करने, सीमाओं की सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता नाथूलाल नागर ने की। उन्होंने स्वर्गीय रघुवीर सिंह कोशल और स्वर्गीय देवीदत्त गाढ़िया को याद करते हुए कहा कि उनके त्याग और समर्पण के बल पर भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है।

ग्यारहवें और समापन सत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से प्रशिक्षण शिविर में प्राप्त अनुभवों और सीख को लोककल्याण तथा संगठन विस्तार में उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने आगामी चुनावों में भाजपा का झंडा फहराने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की।

इस दौरान शिविर प्रभारी पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बेरवा, पूर्व जिला अध्यक्ष नंदलाल सुमन, माजिद मलिक कमांडो, दिनेश यादव, अजीत सिंह माथनी, पूर्व विधायक रामपाल मेघवाल, जिला महामंत्री लक्ष्मी नारायण केरवलिया, राकेश जैन, सुनील गालव सहित बड़ी संख्या में अपेक्षित कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में संगठनात्मक मजबूती, राष्ट्रवाद और विकसित भारत के संकल्प को लेकर हुए विचार-विमर्श ने आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठन विस्तार को नई दिशा देने का संदेश दिया।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story