बारां: नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भाजपा की बैठक, पूर्व विधायक ने साधा निशाना
bjp-nari-shakti-vandan-adhiniyam-meeting-baran-rajasthan

बारां स्थित सांसद कार्यालय में नारी शक्ति वंदन अधिनियम अभियान के तहत आयोजित बैठक में उपस्थित विधायक राधेश्याम बैरवा, ललित मीणा और पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी।
बारां। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित नारी शक्ति वंदन अधिनियम अभियान के तहत सांसद कार्यालय में आयोजित बैठक में राजनीतिक माहौल तीखा रहा, जहां अभियान की प्रदेश टोली सदस्य एवं पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल ने अधिनियम के प्रावधानों को विस्तार से रखते हुए कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर सीधा हमला बोला।
चंद्रकांता मेघवाल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में निर्णायक कदम बताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल लगातार इसका विरोध कर इसमें अड़ंगा लगा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस ने अधिनियम के पक्ष में वोट नहीं देकर महिलाओं के साथ अन्याय किया है और अब समय आ गया है कि देश की महिलाएं इसका जवाब दें।
बैठक में भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि विपक्ष का विरोध केवल राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर अधिनियम के महत्व को समझाएं और विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार का प्रभावी जवाब दें।
इस अवसर पर विधायक राधेश्याम बैरवा, विधायक ललित मीणा, मीडिया विभाग संभाग संयोजक अरविंद सिसोदिया, जिला महामंत्री राकेश जैन, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश हाड़ा, जिला प्रवक्ता योगेश राजोरा, मोना जैन, जिला महामंत्री किरण भार्गव, रेखा मेहता और सोनिया अदलखा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी वक्ताओं ने एकमत से कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को नई दिशा देगा और इसका विरोध करने वालों को जनता आने वाले समय में जवाब देगी।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
