बारां/सीसवाली। अंता विधानसभा क्षेत्र के सीसवाली कस्बे में भाजपा नेता विष्णु गौतम और उनके सहयोगी चंद्रमोहन गौतम पर रात 10 बजे जानलेवा हमला हुआ। घटना रामदेव मोहल्ले स्थित बाबा रामदेव जी के चबूतरे के पास घटित हुई, जहाँ दोनों अलाव ताप रहे थे। बताया जा रहा है कि शादी समारोह में शामिल कुछ लोगों ने अचानक उन पर लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और विष्णु गौतम को सुरक्षित थाने तक ले गई। हालांकि, आश्चर्यजनक रूप से पुलिस ने शिकायतकर्ता विष्णु गौतम के खिलाफ भी साधारण धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें रिहा कर दिया। वहीं, हमलावरों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमला उस समय हुआ जब कस्बे के मुख्य मार्ग से एक बिनोरी निकल रही थी। इस दौरान बिनोरी में शामिल सत्यनारायण सोनी और अन्य लोग विष्णु गौतम के पास आए और कहासुनी शुरू कर दी। विष्णु गौतम के अनुसार, कहासुनी के तुरंत बाद सोनी ने उन पर हमला कर दिया, और इसके बाद लगभग 20-25 और लोग भी मौके पर पहुँचकर मारपीट में शामिल हो गए।

घटना के समय चंद्रमोहन गौतम ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने नहीं रुके। विष्णु गौतम भागकर पड़ोस में रहने वाले लक्ष्मीचंद सुमन के घर पहुंचे। इसके बाद भी 40-50 लोग लक्ष्मीचंद सुमन के मकान पर हमला करने के प्रयास में दिखाई दिए। स्थिति की गंभीरता देखते हुए पुलिस ने अंततः विष्णु गौतम को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन आसपास मौजूद भीड़ पुलिस की मौजूदगी में भी नियंत्रित नहीं हो पाई।

भाजपा नेता विष्णु गौतम का कहना है कि वे क्षेत्र में चल रही आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार आवाज उठाते रहते हैं, और यही इस हिंसक घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।

घटना के बाद विष्णु गौतम के समर्थकों, ब्राह्मण समाज और अन्य समाजों के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ समय रहते सख्त कार्यवाही नहीं की गई, तो वे जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन और उग्र आंदोलन करेंगे।

यह हमला न केवल स्थानीय प्रशासन के लिए चुनौती है, बल्कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सामाजिक स्थिरता पर भी सवाल खड़ा करता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story