बारां में भाजपा किसान मोर्चा की जिला बैठक, कैलाश चौधरी ने भरी हुंकार
पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने बैठक में किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।

बारां के तेल फैक्ट्री स्थित एक निजी रिसोर्ट में आयोजित भाजपा किसान मोर्चा की जिला बैठक के दौरान मंच पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री कैलाश चौधरी और उपस्थित अन्य पदाधिकारी।
शहर की तेल फैक्ट्री स्थित एक निजी रिसोर्ट में भाजपा किसान मोर्चा की जिला बैठक आयोजित हुई, जिसमें जिलेभर से सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में किसानों की उन्नति, आधुनिक खेती और केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी सरकार की नीतियों को किसानों के हित में बताया।
भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी दिलावर और जिला उपाध्यक्ष दामोदर शर्मा ने बताया कि बैठक में जिलेभर के कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री और भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के बारे में गंभीरता से सोचते हुए सम्मान निधि योजना के माध्यम से सीधे किसानों के खातों में राशि पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यदि पिछले 70 वर्षों में कांग्रेस ने किसानों के हितों पर ध्यान दिया होता तो आज देश का किसान अधिक समृद्धशाली होता।
कैलाश चौधरी ने अपने केंद्रीय कृषि मंत्री कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि आधुनिक खेती और उन्नत तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है। उन्होंने उन्नत फसलों, आधुनिक कृषि पद्धतियों और खेती से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का भी बैठक में उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में आधुनिक खेती ही किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बना सकती है।
बैठक को पूर्व विधायक हेमराज मीणा, विधायक ललित मीना, पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद गर्ग और भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री ओपी यादव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रेवंत सिंह राजपुरोहित, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रोहित नागर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष भीम चौधरी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष राजेश हाड़ा, कोटा के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकट नागर और पूर्व जिलाध्यक्ष रामलाल मेहता मंचासीन रहे।
इस दौरान प्रदीप नागर, नाथूलाल योगी, नीरज चौहान, राजेंद्र गुर्जर, दशरथ सिंह, अखराज नागर, योगेंद्र नागर और रामप्रसाद गुर्जर ने भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चौधरी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में बारां के पूर्व नगर अध्यक्ष महावीर नामा, पूर्व जिला मंत्री अजय गुप्ता, पूर्व उप जिला प्रमुख राजकुमार नागर, एडवोकेट सुरेश शर्मा, कोमल मीणा, कपिल शर्मा, जगदेव सिंह चहल, रमेश चंद सुमन, मेघराज मीणा, नवल शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष निरंजन शर्मा, रामराज सुमन, अवधेश शर्मा, रितेश पंजाबी, इंदरराज नागर, इंदर मीणा, पूर्व प्रधान गिरिराज धाकड़ और प्रशांत पाटनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और भाजपा की किसान हितैषी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
