बारां। भारतीय जनता पार्टी देहात मंडल की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक फतेहपुर स्थित निजी प्रतिष्ठान पर आयोजित की गई, जिसमें आगामी चुनावों की तैयारियों और संगठन सुदृढ़ीकरण का विस्तृत खाका खींचा गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, बारां-अटरु विधायक राधेश्याम बैरवा एवं मंडल प्रभारी निर्मल माथोडिया उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता देहात मंडल अध्यक्ष अमरदीप केदाहेड़ी ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों का रोडमैप प्रस्तुत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि शीर्ष नेतृत्व द्वारा मांगी गई सूचनाओं की रिपोर्ट अविलंब तैयार कर जिला मुख्यालय भेजी जाए। सिकरवार ने स्पष्ट किया कि कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। विधायक राधेश्याम बैरवा ने राज्य सरकार की उपलब्धियों को साझा करते हुए क्षेत्र की जनता के प्रति अपना संकल्प दोहराया। उन्होंने घोषणा की कि आगामी सोमवार से "विधायक आपके द्वार" जनसुनवाई कार्यक्रम का शुभारंभ होगा, जिसके तहत वे घर-घर जाकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान करेंगे। विधायक ने सभी कार्यकर्ताओं से सोमवार सुबह 9 बजे केरवालिया गाँव पहुँचकर इस अभियान के शुभारंभ में सहयोग करने का आह्वान किया।

मंडल प्रभारी निर्मल माथोडिया ने बूथ स्तर की मजबूती पर जोर देते हुए पंचायत स्तर पर पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अमरदीप सिंह केदहेडी, वरिष्ठ नेता खेम सिंह डागर एवं नेता प्रतिपक्ष दिलीप शाक्यवाल ने भी अपने विचार रखे। संगठन को धरातल पर सक्रिय करने हेतु मंडल पदाधिकारियों ने विभिन्न पंचायतों के प्रभारियों की घोषणा की। इसमें माथना हेतु मुरली मीणा, फुंसरा के लिए सत्यनारायण शर्मा, फतेहपुर के लिए रविंद्र डागर, बराना के लिए श्रीराम मालव, संबलपुर के लिए किशनचंद्र नागर, लिसाडिया के लिए चंद्र मोहन मीणा, सुंदलक के लिए गिरिराज मीणा, बटावदा के लिए जसवंत मीणा, कलमंडा के लिए सुरेंद्र नागर, करनाहेड़ा के लिए हरिशंकर नागर, मंडोला के लिए रमेश चंद नागर, पाठेडा के लिए राम सिंह गुर्जर एवं नारेडा पंचायत हेतु राजेंद्र गुर्जर को जिम्मेदारी सौंपी गई।

जिला प्रवक्ता योगेश राजोरा के अनुसार, इस रणनीतिक बैठक में कार्यालय मंत्री धीरेंद्र नागर, हंसु गुर्जर, मनीष धाकड़, लोकेश शर्मा, राकेश सोन, कमलेश महाराज, सूरजमल नागर, पदम सिंह, बलजीत सिंह, सूरज सिंह, भारत गिरी, हेमंत मीणा, सियानंद मेहरा, हरि बल्लभ वैष्णव, सरदार सिंह, रमेश सुमन, महेंद्र योगी, खुर्शीद खान, नीरज विजय, जितेंद्र नागर, जस्सू गुर्जर एवं हरलाल सुमन सहित मंडल के अनेक अपेक्षित पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह बैठक आगामी राजनीतिक परिदृश्य में भाजपा की पकड़ मजबूत करने की दिशा में एक निर्णायक कदम मानी जा रही है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story