भारतीय किसान संघ की जिला बैठक में बड़ा लक्ष्य तय, दिल्ली महिला सम्मेलन और बारां में 2 लाख सदस्य बनाने की तैयारी
बारां में भारतीय किसान संघ की जिला बैठक में 30 सितंबर को दिल्ली में होने वाले अखिल भारतीय महिला सम्मेलन के लिए प्रत्येक तहसील से 50 महिला सदस्यों की भागीदारी का लक्ष्य तय किया गया। साथ ही जनवरी 2027 में एक ही दिन में 2 लाख सदस्य बनाने और किसानों के लंबित मुद्दों पर बड़े आंदोलन की तैयारी पर भी चर्चा हुई।

बारां के कृषि मंडी स्थित शिव गणेश मंदिर परिसर में भारतीय किसान संघ की जिला बैठक में शामिल पदाधिकारी और सदस्य।
बारां में भारतीय किसान संघ की जिला बैठक कृषि मंडी स्थित शिव गणेश मंदिर परिसर में जिलाध्यक्ष अमृत मीणा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में 30 सितंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाले अखिल भारतीय महिला सम्मेलन में बारां जिले की प्रत्येक तहसील से 50 महिला सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जनवरी 2027 में एक ही दिन में जिले में 2 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
जिला प्रचार प्रमुख बृजमोहन मेहता ने बताया कि बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष राम मूर्ति मीणा ने 30 सितंबर को दिल्ली में होने वाले अखिल भारतीय महिला सम्मेलन के लिए बारां जिले की प्रत्येक तहसील से 50 महिला सदस्य भाग लेने का लक्ष्य तय किया। वहीं प्रांत अध्यक्ष शंकरलाल नागर और मंत्री जगदीश खाती ने जुलाई-अगस्त माह में आयोजित होने वाले संगठन के वन विहार कार्यक्रम के लिए तहसील प्रभारियों की नियुक्ति की। ये प्रभारी तहसील स्तर पर बैठक कर कार्यक्रम की तिथि निर्धारित करेंगे।
बैठक में जनवरी 2027 में बारां जिले में एक ही दिन में 2 लाख सदस्यता का लक्ष्य तय करते हुए उसके लिए तैयारियां प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया। साथ ही यह भी कहा गया कि तहसील कार्यकारिणी की मासिक बैठक नियमित रूप से आयोजित होनी चाहिए।
बैठक के दौरान बताया गया कि किसान संघ की स्थापना के समय कोटा जिले से दत्ततोपंत थेंगडी ने संदेश दिया था कि किसान संघ प्रत्येक गांव और प्रत्येक किसान तक पहुंचे। इसी उद्देश्य को ग्राम समितियों के माध्यम से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
बैठक में 9 सितंबर को जिला मुख्यालय पर किसानों की समस्याओं को लेकर बड़े कार्यक्रम के आयोजन की जानकारी भी दी गई। इसमें आपदा राहत की 105 करोड़ रुपये की राशि में से आधी राशि का भी भुगतान नहीं होने, ईआरसीपी से किशनगंज-शाहाबाद को पानी देने के संबंध में कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने तथा प्रोजेक्ट का बजट सहित अन्य पहलुओं को धरातल पर नहीं लाने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही कहा गया कि इन कार्यों से संबंधित फाइलें कछुए की तरह रेंग रही हैं। राजस्व रिकॉर्ड और नक्शे के अनुसार खेतों के आम रास्ते खाली कराने के लिए ज्ञापन दिए जाने के बावजूद प्रशासन का कोई ध्यान नहीं होने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया।
बैठक में यह भी बताया गया कि वर्ष 2029 में किसान संघ की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कोटा में लाखों किसानों की भागीदारी के साथ कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। जिला महामंत्री देवकिशन नागर ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की तथा पदाधिकारियों की अनुपस्थिति पर चर्चा की।
बैठक में किसान संघ के पदाधिकारी बंसीलाल नागर, लक्ष्मी नारायण शर्मा, परमेश्वर शर्मा, रणवीर सिंह हाडा, केलवाड़ा तहसील महिला प्रमुख गुड्डी बाई, सह प्रमुख लक्ष्मी बंजारा, रमेश नागर, बद्री लाल वर्मा, भोजराज यादव, प्रकाश गोस्वामी, रामस्वरूप, सीताराम, मुकेश नारायण और रामकुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
