बारां। भारत विकास परिषद राजस्थान दक्षिण-पूर्व प्रांत की एक दिवसीय प्रांतीय कार्यशाला का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन बारां के एक निजी रिजॉर्ट में संपन्न हुआ। परिषद के प्रांतीय महासचिव पराग जैन टोंग्या के अनुसार, राष्ट्र निर्माण की इस महती कार्यशाला में प्रांत के चारों जिलों— कोटा, बारां, बूंदी और झालावाड़ की 31 शाखाओं के लगभग 238 प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। विभिन्न वैचारिक सत्रों के माध्यम से प्रबुद्ध वक्ताओं ने “सेवा एवं संस्कार से राष्ट्र निर्माण” जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर विस्तृत तथा गहन मंथन किया।

इस महत्वपूर्ण कार्यशाला का शुभारंभ परंपरा के अनुसार भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलन तथा सुमधुर वंदेमातरम गीत के साथ हुआ। सर्वप्रथम आयोजक शाखा के अध्यक्ष नरेश खंडेलवाल ने अपने स्वागत उद्बोधन में पधारे हुए सभी आगंतुकों का शब्द चंदन से भावभीना स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके पश्चात प्रांतीय अध्यक्ष सुनीता गोयल जोली ने कार्यशाला की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए इसके मुख्य उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी उपस्थित प्रतिनिधियों के सामने रखी।


कार्यशाला के मुख्य वक्ता एवं भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय महासचिव सीए संदीप बाल्दी ने प्रथम सत्र में कार्यशाला की उपयोगिता, संगठनात्मक स्वरूप, नियमावली प्रोटोकॉल, दायित्वधारियों के कर्तव्यों एवं परिषद की सुदृढ़ कार्यपद्धति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अपने उद्बोधन में पुरजोर शब्दों में कहा कि परिषद के कार्यों एवं जानकारियों को धरातल पर शाखा स्तर तक सुचारू रूप से पहुँचाना ही इस कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने रेखांकित किया कि परिषद में कार्य कर रहा प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और उसकी सफलता में हर एक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने व्यावहारिक मार्गदर्शन देते हुए बताया कि शाखाओं को किस तरह अपने दैनिक कार्यों का संचालन करना है और किस प्रकार प्रांत तथा रीजन के निर्देशों की पूर्ण पालना करते हुए कार्य को नया विस्तार देना है। साथ ही उन्होंने परिषद के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुँचाने एवं संगठन विस्तार हेतु सभी कार्यकर्ताओं से पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस सत्र में पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री श्याम जी शर्मा का भी पाथेय एवं अमूल्य मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इसी सत्र के दौरान एक संगठनात्मक उपलब्धि के रूप में 2 नवीन शाखाओं— माँ अन्नपूर्णा बारां एवं हिण्डोली शाखा को आधिकारिक चार्टर प्रदान किया गया।

द्वितीय सत्र में संयुक्त महासचिव कमल सुरेका ने अपने पाथेय में संगठन के मूल दर्शन को स्पष्ट करते हुए बताया कि परिषद का परम उद्देश्य “व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण” है, और यही अद्वितीय दृष्टिकोण परिषद को अन्य सामाजिक संगठनों से पूरी तरह भिन्न और विशिष्ट बनाता है। इसी सत्र में परिषद के कामकाज में विभिन्न गतिविधियों के प्रभाव विषय पर कई महत्वपूर्ण प्रभारियों ने अपनी बात रखी। इसके अंतर्गत सेवा गतिविधि संयोजक बृजेश उपाध्याय, संस्कार गतिविधि संयोजक महावीर शर्मा, संपर्क गतिविधि संयोजक महेंद्र नागर, महिला सहभागिता संयोजक उमा पालीवाल तथा पर्यावरण गतिविधि संयोजक तूफान नगर ने अपनी-अपनी गतिविधियों के कार्यों एवं आगामी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। सत्र के अंत में महासचिव पराग टोंग्या द्वारा आगामी शाखा कार्यशाला एवं सदस्यता अभियान की रूपरेखा पर विस्तृत जानकारी साझा की गई।

तृतीय सत्र के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर समूह बैठक (ग्रुप डिस्कशन) का आयोजन किया गया। प्रथम समूह की चर्चा में मार्गदर्शक के रूप में क्षेत्रीय महासचिव सीए संदीप बाल्दी, क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव कमल सुरेखा, प्रांतीय अध्यक्ष सुनीता गोयल जौली तथा प्रांतीय वित्त सचिव महेंद्र सिंहवाल उपस्थित रहे, जबकि इस समूह का सफल संयोजन प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज शर्मा द्वारा किया गया। वहीं द्वितीय समूह की वैचारिक चर्चा में मार्गदर्शक के रूप में राष्ट्रीय गतिविधि सहसंयोजक संस्कार मुकेश लाठी, नेशनल गतिविधि सदस्य संस्कार रवि विजय, क्षेत्रीय संयोजक महिला सहभागिता श्रीमती कुसुम शर्मा, क्षेत्रीय संयोजक संस्कार हिमांशु चतुर्वेदी एवं प्रांतीय महासचिव पराग टाँगिया ने सहभागिता की। इस द्वितीय समूह में मुख्य रूप से प्रांतीय गतिविधि संयोजक एवं सभी शाखाओं के गतिविधि संयोजक प्रतिभागी के रूप में सम्मिलित हुए, जहाँ संगठन हित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर मंथन किया गया।

संगठनात्मक पारदर्शिता को बढ़ावा देते हुए वित्तीय प्रबंधन एवं पारदर्शिता विषय पर प्रांतीय वित्त सचिव महेंद्र सिंहवाल द्वारा पूरे प्रांत से आए प्रतिनिधियों को विस्तृत जानकारी व नियम समझाए गए। कार्यक्रम के अंतिम चरण में आयोजक शाखा के सचिव हितेश खंडेलवाल द्वारा कार्यशाला को सफल बनाने के लिए उपस्थित सभी अतिथियों, प्रभारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व धन्यवाद ज्ञापित किया गया। अंततः सामूहिक रूप से राष्ट्रगान के सस्वर गायन के साथ इस गरिमामयी प्रांतीय कार्यशाला का विधिवत समापन हुआ।

इस भव्य कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों का कुशल संचालन प्रांतीय महासचिव पराग जैन टोंग्या एवं संयुक्त महासचिव कविता शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस प्रांतीय कार्यशाला में रवि शंकर मूंदडा, पुरुषोत्तम नुवाल, दिनेश खुवाल, मयंक ठाकुरिया, भगवन बाहेती, शैलू जैन, रवि अग्रवाल, प्रदीप टेलर, योगेंद्र शर्मा, यश नाहर, पुरुषोत्तम पंचोली, पी के शर्मा, आशीष खंडेलवाल, दिगम्बर कटरे, हेमराज शर्मा, अनिल खंडेलवाल, मनोज कोठरी, श्वेता व्यास, रचना पाठक, नितिका माथुर, शालू बिंदल, मंजू बंसल, महिंद्रा गोयल, प्रकाश धारीवाल, मेघना खंडेलवाल, धीरज बठला, दीपक मेहता, नितिन गोयल, ओम प्रकाश जैन, उदय भान संकल्प सहित समस्त संबंद्ध शाखाओं के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, संयोजक एवं भारी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story