बारां। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच बेजुबान पक्षियों के लिए जल संकट को देखते हुए, भारत विकास परिषद् माँ अन्नपूर्णा शाखा, बारां ने सेवा का एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। संस्था ने अपने सेवा कार्यों की श्रृंखला के प्रथम चरण में 'परिंडा वितरण एवं स्थापना अभियान' का आगाज किया है। इस अभियान के तहत शहर के पब्लिक पार्क में लगभग 15 परिंडे स्थापित किए गए, ताकि पक्षियों को चिलचिलाती धूप में स्वच्छ जल उपलब्ध हो सके।

अभियान के दौरान शाखा सदस्यों ने न केवल सार्वजनिक पार्कों में परिंडे बांधकर जल भरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की, बल्कि 'हर घर एक परिंडा' का संकल्प भी लिया। इस पहल के माध्यम से संस्था ने पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के बीच रखा है। सभी सदस्यों ने व्यक्तिगत स्तर पर अपने घरों में भी परिंडे लगाने का प्रण लिया है। इसके अतिरिक्त, पार्क में स्थापित परिंडों में नियमित रूप से स्वच्छ जल भरने की जिम्मेदारी भी शाखा के सदस्यों द्वारा निर्धारित कर ली गई है, ताकि पक्षियों को भीषण गर्मी से निरंतर राहत मिलती रहे।

सेवा के इस क्रम में शाखा ने भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए आगामी सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत गौशाला में चारा वितरण का महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया है। कार्यक्रम में शाखा अध्यक्षा मनीषा गोयल, सचिव हेमलता गौतम, संयोजक सपना मराठा सहित अस्मिता टोंग्या, उषा गोयल, ऋचा वर्मा, उमा नागर, निशा गोयनका, पिंकी अग्रवाल, रुक्मिणी खत्री, वर्षा वैष्णव, नेहा चित्तौड़ा और पुष्पा बौद्ध उपस्थित रहीं। राजेंद्र शर्मा द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, यह प्रयास पक्षियों के संरक्षण और मानवीय संवेदनाओं को जीवंत रखने की दिशा में एक सशक्त कदम है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story