बारां दौरे पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, 2400 करोड़ के ग्रामीण विकास कार्यों का होगा शुभारंभ
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा 17 अगस्त को बारां पहुंचेंगे। 2400 करोड़ के ग्रामीण विकास कार्यों सहित कई योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण होगा।

तस्वीर में बाएं और दाएं दो पुरुषों के अलग-अलग चित्र दिखाई दे रहे हैं।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा 17 अगस्त, सोमवार को बारां जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बारां एवं झालावाड़ जिले के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे तथा कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी बारां में आयोजित प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा प्रातः 10.30 बजे जयपुर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा बारां के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रातः 11.30 बजे वे कृषि उपज मण्डी, बारां स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद प्रातः 11.40 बजे कृषि उपज मण्डी स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर प्रातः 11.40 से दोपहर 1.50 बजे तक बारां-झालावाड़ जिले के विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण समारोह तथा कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत स्वीकृत आवासों का शिलान्यास एवं लाभार्थियों को चाबी वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही 2400 करोड़ रूपए के ग्रामीण विकास कार्यों को पोर्टल पर शामिल किया जाएगा। अमृत पोषण वाटिका, अमृत ग्रामीण हाट बाजार, ग्रामीण पुस्तकालय एवं अमृत संजीवनी पार्क का शुभारंभ भी होगा।
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों को 10 करोड़ रूपए के क्रेडिट लिंकेज चेक वितरित किए जाएंगे। लखपति दीदी योजना के तहत 8 करोड़ रूपए तथा सखी योजना के तहत स्कूटी वितरण किया जाएगा। इसके अलावा ग्राम श्री राजसखी मार्ट बारां का लोकार्पण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री दोपहर 1.50 बजे कार्यक्रम स्थल से प्रस्थान करेंगे और दोपहर 2 बजे हेलीपैड से जयपुर के लिए रवाना होंगे। वे अपराह्न 3 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
इधर, भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी 17 अगस्त, सोमवार को राजस्थान एवं मध्य प्रदेश के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वे प्रातः 08.30 बजे भोपाल से विशेष विमान द्वारा जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे और प्रातः 9.30 बजे जयपुर पहुंचेंगे।
प्रातः 9.45 बजे केंद्रीय मंत्री चौहान राजस्थान के मुख्यमंत्री के साथ हेलीकॉप्टर द्वारा बारां के लिए रवाना होंगे और प्रातः 11 बजे बारां पहुंचेंगे। प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक वे मुख्यमंत्री राजस्थान के साथ बारां में आयोजित प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के कार्यक्रम में भाग लेंगे।
दोपहर 1.15 बजे मंत्री चौहान बारां से हेलीकॉप्टर द्वारा जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे और दोपहर 2.30 बजे जयपुर पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 3.15 बजे वे जयपुर से विशेष विमान द्वारा भोपाल के लिए रवाना होंगे तथा सायं 4.15 बजे भोपाल पहुंचेंगे। भोपाल में उनके स्थानीय कार्यक्रम एवं रात्रि विश्राम प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बारां दौरे के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण सहित बारां एवं झालावाड़ जिले से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण के साथ ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं के लाभार्थियों एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
