पिता के चित्र पर नम आंखों से लिया आशीर्वाद, मां के चरण छूकर जयेश गालव ने भरा नामांकन
बारां में जिला परिषद चुनाव के लिए वार्ड 7 से भाजपा प्रत्याशी जयेश गालव ने समर्थकों और पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में पर्चा दाखिल किया।

बारां में जिला परिषद चुनाव के तहत वार्ड संख्या 7 से भाजपा प्रत्याशी जयेश गालव, जिलाध्यक्ष नरेश सिकरवार और अन्य पार्टी पदाधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में नामांकन दाखिल करने के बाद उपस्थित हैं।
बारां में जिला परिषद चुनाव के नामांकन के दौरान भाजपा प्रत्याशी जयेश गालव का भावुक अंदाज देखने को मिला। वार्ड संख्या 7 से चुनावी मैदान में उतरे जयेश गालव ने नामांकन दाखिल करने से पहले अपने पिता स्वर्गीय प्रेम नारायण गालव ‘भाई साहब’ के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। पिता को याद करते हुए उनकी आंखें नम हो गईं। इसके बाद उन्होंने माता के चरणों में शीश झुकाकर जीत का आशीर्वाद लिया और परिवारजनों, समर्थकों तथा कार्यकर्ताओं के साथ जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।
नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के बाद जैसे ही जयेश गालव कलेक्ट्रेट परिसर से बाहर निकले, वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। समर्थकों ने नारेबाजी कर उनके प्रति उत्साह और समर्थन जताया। इस दौरान चुनावी जोश के साथ पारिवारिक भावनाओं का भी अनूठा संगम देखने को मिला।
स्वर्गीय प्रेम नारायण गालव ‘भाई साहब’ का बारां की राजनीति और जनसेवा में लंबा योगदान रहा है। ऐसे में उनके पुत्र जयेश गालव का जिला परिषद वार्ड संख्या 7 से नामांकन दाखिल करना समर्थकों के लिए भावनात्मक अवसर बन गया। पिता की स्मृतियों को नमन करने के बाद नामांकन के लिए पहुंचे जयेश गालव के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
इस अवसर पर भाजपा जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष नरेश सिकरवार, पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद गर्ग, नंदलाल सुमन, जगदीश मीणा, पूर्व विधायक हेमराज मीणा, माजिद मलिक कमांडो, हरीश शर्मा, सतपाल गुप्ता, अजय गुप्ता, नारायण ढांगोरिया, पप्पू नेता, चंद्रमोहन शर्मा और बनवारी वैष्णव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता व समर्थक उपस्थित रहे।
इसी क्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिकरवार ने जिला परिषद वार्ड संख्या 11 से नामांकन दाखिल किया, जबकि हेमंत नगर ने वार्ड संख्या 12 से अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। नामांकन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दोनों का भी फूल-मालाओं से स्वागत किया और उत्साह के साथ समर्थन जताया। इस तरह बारां में जिला परिषद चुनाव को लेकर भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और समर्थकों का उत्साह देखने को मिला।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
